लोकतांत्रिक मूल्यों का गला घोंट रही हैं ममता
0 संघ कार्यालय में मनाई गई नारद जयंती
नोट...फोटो है
प्रयागराज। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से आयोजित नारद जयंती के मौके पर संघ के सह प्रांत बौद्धिक प्रमुख प्रो. सत्यपाल ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता जब भी खतरे में पड़ती है तब देश में नई क्रांति का सृजन होता है ।आज पश्चिम बंगाल में ममता राज में लोकतांत्रिक मूल्यों का निर्ममता पूर्वक गला घोटा जा रहा है। वहां अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भी खतरे में पड़ गयी है। इसे बचाने के लिए पत्रकारों तथा राष्ट्रवादी शक्तियों को आगे आना होगा।
संघ के जार्जटाउन स्थित कार्यालय में प्रयाग उत्तर भाग की ओर से आयोजित बुद्धिजीवियों की संगोष्ठी में उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में प्रियंका शर्मा को जिस तरह हास्यचित्र बनाने पर जेल भेजा गया उससे यह सिद्ध हो गया की पश्चिम बंगाल में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का कोई मूल्य नहीं रह गया है। वहां की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रधानमंत्री को जेल भेजने की धमकी देकर लोकतांत्रिक मान्यताओं का गला घोट रही है। सीबीआई चुनाव आयोग कोई भी एजेंसी वहां काम नहीं करने पा रही है। इस अवसर पर काशी प्रांत के सह प्रचार प्रमुख डा. मुरार जी त्रिपाठी ने कहा कि नारद जी आदि पत्रकार थे। स्वस्थ पत्रकारिता के लिए आज पूरी दुनिया भर के पत्रकारों को उनसे प्रेरणा लेना चाहिए । कार्यक्रम अध्यक्षता काशी प्रांत संघचालक विश्वनाथ लाल निगम तथा संचालन भाग प्रचार प्रमुख वीके सिंह ने किया ।आभार ज्ञापन गिरिजेश जी ने किया। इस अवसर पर संजीव, अनिल कुमार सिंह, डा. रामचंद्र, गया प्रसाद, देश दीपक, डा. शालिग्राम त्रिपाठी, डा. शशिकांत आदि मौजूद रहे। इस दौरान कई पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।