वकीलों का राष्टव्यापी प्रदर्शन आज
हाईकोर्ट में रहेगी हड़ताल, जिला मुख्यालय में देेंगे ज्ञापन
प्रयागराज। बार कौंसिल ऑफ इंडिया के आह्वान पर देश भर के वकील 12 फरवरी को राज्य मुख्यालयों और जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेंगे। इस क्रम में इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता भी मंगलवार को न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए लखनऊ में होने वाले प्रदर्शन का समर्थन करेंगे। एल्डर कमेटी के चेयरमैन वीसी मिश्र ने एक बयान जारी कर बताया है कि यूपी बार कौंसिल ने बीसीआई का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है। और इस क्रम में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन भी इसका समर्थन करता है। मुख्य न्यायाधीश से 12 फरवरी को मुकदमों में विपरीत आदेश न पारित करने का अनुरोध किया गया है।
बार कौंसिल ऑफ इंडिया ने अधिवक्ता कल्याण की योजनाओं वकीलों के लिए चैंबर, पुस्तकालय, शौचालय, इंटरनेट सुविधाओं तथा अधिवक्ता वादकारी कल्याण के लिए पांच हजार करोड़ रुपये का बजट देने की मांग की है। वकीलों के परिवार को बीमा सुरक्षा देने की भी मांग है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष राकेश पांडेय और महासचिव जेबी सिंह ने वकीलों से एल्डर कमेटी का प्रस्ताव मानने का अनुरोध किया है। इसी क्रम में जिला अधिवक्ता संघ ने भी 12 फरवरी को आम सभा कर बीसीआई के प्रस्ताव पर चर्चा करने और जिला मुख्यालय पर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है।