गंदगी और टूटी टाइल्स देख भड़के स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री के सीएचसी में औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप
स्वास्थ्य सेवाओं पर जताया संतोष, ट्रामा सेंटर जल्द शुरू कराने का दिया आश्वासन
लालगंज (ब्यूरो)। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने नगर स्थित सीएचसी व निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल में गंदगी व टूटी टाइल्स देख कर भड़क गए। मरीजों से मिलकर अस्पताल में दी जाने वाले सुविधाओं की जानकारी भी हासिल की।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह शुक्रवार को अचानक नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में टूटी टाइल्स और गंदगी देख मंत्री ने सीएमओ डॉ. अरविंद श्रीवास्तव का कर्रा करते हुए इसे तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सीएमओ समेत स्वास्थ्य कर्मियों को नसीहत देते हुए दो टूक कहा कि शासन द्वारा संचालित स्वास्थ्य सेवाएं मरीजों को सरल व पारदर्शिता के साथ मुहैया कराई जाएं। सीएचसी में भर्ती मरीजों से मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली। मरीजों ने दवाइयां व अन्य सुविधाएं मिलने की बात बताई तो वह संतुष्ट दिखे।
यहां अधीक्षक डॉ. अरविंद गुप्ता के संयोजन में मंत्री ने महिला मरीजों को कंबल बांटा। मंत्री ने अस्पताल परिसर में नवनिर्मित ट्रामा सेंटर का भी निरीक्षण किया। यहां उन्हें क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना द्वारा विधायक निधि से ट्रामा सेंटर के उपकरण के लिए धनराशि देने की जानकारी हुई तो उन्होंने विधायक के इस पहल की सराहना की। कहा कि विधायक मोना ने उनसे ट्रामा सेंटर के संचालन का अनुरोध किया है। इसे शीघ्र संचालित कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, संयुक्त अधिवक्ता संघ अध्यक्ष विकास मिश्र व क्षेत्रीय विधायक के मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ोतरी की मांग की