00000000000000
मंदिर तो बनेगा, कौन रोक सकता है : केशव
0 डिप्टी सीएम ने कहा, कांग्रेस की वजह से टलती जा रही है कोर्ट में मंदिर की सुनवाई
0 राबर्ट वाड्रा पर कहा, जो गलती करेगा उसके खिलाफ होगी कानूनी प्रक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 16 दिसंबर को प्रयागराज में प्रस्तावित जनसभा की तैयारियों की बैठक में शिरकत करनेे के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दोहराया कि अयोध्या में राम मंदिर तो बनेगा ही, उसे कौन रोक सकता है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि मामला सर्वोच्च न्यायालय में है। न्यायालय के निर्णय का इंतजार है। इसके निर्माण में क्या समस्या है, उससे देश की जनता वाकिफ है। कांग्रेस की वजह से ही इसकी सुनवाई टलती जा रही है।
मंदिर निर्माण को लेकर विश्व हिंदू परिषद की ओर से की गई धर्मसभा को लेकर केशव ने कहा कि उनके इस आयोजन को भारतीय जनता पार्टी का समर्थन है। पीएम मोदी की रैली को लेकर कहा कि इस आयोजन में प्रयागराज के साथ पड़ोसी जिले प्रतापगढ़, कौशांबी एवं भदोही से भी हजारों की संख्या में कार्यकर्ता आएंगे। सर्किट हाउस में संवाददाताओं से हुई बातचीत में केशव ने कहा कि पीएम की रैली के संबंध में विस्तृत तैयारियों पर 11 दिसंबर को बैठक होगी। कुंभ मेला को लेकर उन्होंने कहा कि यह विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। मेले की महत्ता विश्वभर के लोग जानें, इसी वजह से इसका व्यापक प्रचार किया जा रहा है। 15 दिसंबर को तमाम देशों के राजदूत भी प्रयागराज पहुंच रहे हैं। कुंभ को लेकर केंद्र और राज्य सरकार, दोनों ही गंभीर हैं। पिछले दिनों पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के आने वाले परिणाम को लेकर कहा कि इस बार भी कमल खिलना तय है। हमें अपने काम पर भरोसा है। राबर्ट वाड्रा मसले पर उन्होंने कहा कि यह कानूनी प्रक्रिया है। जो भी गलती करेगा उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया तो होगी। इसमें सरकार का कोई भी हस्तक्षेप नहीं है।