सभासद प्रत्याशी पर आचार संहिता उल्लंघन का केस
एक उम्मीदवार को दिया नोटिस, वोटरों को पढ़ाया आचार संहिता का पाठ
चायल (ब्यूरो)। नगर पंचायत चायल के एक सभासद उम्मीदवार के खिलाफ मंगलवार को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज कराते हुए दूसरे उम्मीदवार को नोटिस जारी किया गया है। तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई से नगर पंचायत के उम्मीदवारों में हड़कंप है।
एसडीएम चायल अश्वनी कुमार श्रीवास्तव मंगलवार को सीओ व दो थानों की फोर्स लेकर कस्बा चायल पहुंचे। यहां पर उन्होंने उम्मीदवारों द्वारा प्रचार के दौरान आदर्श आचार संहिता का पालन किया जा रहा है या नहीं, इसका सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड छह के सभासद प्रत्याशी हामिद इस्लाम का बैनर बिजली के खंभे में बंधा पाया। मामले में उम्मीदवार के खिलाफ आदर्श आचार संहित उल्लंघन का केस दर्ज कराया गया। इसके अलावा रामकरन के लगे पोस्टर में मुद्रक का नाम व पोस्टर संख्या न होने पर नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है। इस दौरान उन्होंने कस्बे के लोगों को बताया कि यदि उनकी मर्जी के खिलाफ घरों पर कोई भी प्रत्याशी पोस्टर, बैनर चिपकाता है या धौंस दिखाता है तो इसकी शिकायत तत्काल पिपरी थाने में करें। मामले में तत्काल संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। एसडीएम व सीओ के सघन चेकिंग अभियान से कस्बे के उम्मीदवारों में हड़कंप रहा।
दो लाख से अधिक मिला तो देना होगा हिसाब
कैश लेकर चलने वालों पर होगी फ्लाइंग स्क्वायट टीम की नजर
मंझनपुर (ब्यूरो)। नगर निकाय चुनाव के दौरान उम्मीदवारों को नगदी पहुंचाने वालों को अब फ्लाइंग स्क्वायट की पैनी नजर से बचना होगा। टीम जिले की छह नगर पंचायतों को आने-जाने वाले रास्तों पर सक्रिय रहेगी। टीम का गठन करने के बाद डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बैठक की और सख्त निर्देश दिए।
निकाय चुनाव के दौरान मतदाताओं को नगदी बांटे जाने पर अंकुश लगाने व आदर्श आचार संहिता का पालन कराने के लिए डीएम मनीष कुमार वर्मा ने मंगलवार को कलक्ट्रेट के सम्राट उदयन सभागार में बैठक की। बैठक में उन्होंने गठित फ्लाइंग स्क्वायट टीम के सदस्यों को निर्देशित किया कि वह नकदी लेकर चलने वालों पर पैनी नजर रखें। दो लाख से अधिक धन मिलने पर संबंधित की नकदी जब्त करते हुए दस्तावेज तलब करें। स्पष्ट कारण न बता पाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई कराएं। उन्होंने चुनाव के दौरान जिले के कारोबारियों व अन्य लोगों से कम से कम नगदी लेकर चलने का आह्वान किया है। बैठक में सीडीओ हीरालाल, एडीएम राकेश कुमार श्रीवास्तव व सभी चुनाव प्रभारी मौजूद रहे।
शिकायत के लिए बना कंट्रोल रूम
जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने निकाय चुनाव के मद्देनजर शिकायत नियंत्रण कक्ष की स्थापना की है। नियंत्रण कक्ष के नंबर पर किसी भी उम्मीदवार द्वारा किए जा रहे आदर्श आचार संहित के उल्लंघन या व्यय संबंधित शिकायत की जा सकती है। नियंत्रण कक्ष का नंबर 232460 है।