इविवि में अगले माह से शुरू होगी शिक्षक भर्ती
0 एक्सपर्ट पैनल को इसी हफ्ते मिल सकती है मंजूरी
0 डिग्री कॉलेजों में भी हो रही आवेदनों की स्क्रीनिंग
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। शिक्षक भर्ती के लिए इंटरव्यू अगले माह से शुरू होंगे और इसी हफ्ते इंटरव्यू के लिए एक्सपर्ट पैनल को मंजूरी मिल जाने की पूरी संभावना है। ईसीसी को छोड़ इविवि से संबद्ध कॉलेजों में भी शिक्षक भर्ती के लिए आवेदनों की स्क्रीनिंग की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शिक्षकों के कुल 542 पदों के लिए 19948 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। यानी एक पद के लिए 36 दावेदार हैं। असिस्टेंट प्रोफेसर के 317 पदों, एसोसिएशन प्रोफेसर के 154 पदों, प्रोफेसर के 69 पदों के लिए भर्ती होनी है। इसके अलावा महिला अध्ययन केंद्र में असिस्टेंट एवं एसोसिएट प्रोफेसर के एक-एक पद पर भर्ती होनी है। असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए 18091 अभ्यर्थी, एसोसिएट प्रोफेसर के लिए 1057, प्रोफेसर के लिए 714 और महिला अध्ययन केंद्र में दो पदों पर भर्ती के लिए 86 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। आवेदनों की स्क्रीनिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इंटरव्यू के लिए एक्सपर्ट पैनल का गठन प्रस्तावित है, जिसे 28 अक्तूबर को होने वाले इविवि की कार्य परिषद की बैठक में मंजूरी मिल सकती है। एक्सपर्ट पैनल को मंजूरी मिलने के बाद अगले माह से शिक्षक भर्ती के लिए इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू होने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही इलाहाबाद डिग्री कॉलेज, ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज समेत अन्य संघटक कॉलेजों में भी शिक्षक भर्ती होनी है। वहां भी आवेदन की प्रक्र्रिया पूरी की जा चुकी है। आवेदनों की स्क्रीनिंग चल रही है। कॉलेजों भी शिक्षक भर्ती के लिए जल्द ही इंटरव्यू शुरू होने की उम्मीद है।
00
सीएमपी में इंटरव्यू 29 से
0 पहले चरण में जीरा फैकेल्टी वाले विषयों में साक्षात्कार
इलाहाबाद। सीएमपी डिग्री कॉलेज में शिक्षक भर्ती के पहले चरण के तहत जीरो फैलेक्टी वाले विषयों के लिए इंटरव्यू का कार्यक्रम जारी किया जा चुका है। इंटरव्यू की प्रक्रिया 29 अक्तूबर से शुरू होने जा रही है। पहले चरण का इंटरव्यू पूरा होने के बाद दूसरे चरण में सिंगल फैकेल्टी वाले विषयों के लिए इंटरव्यू लिए जाएंगे।
पहले चरण के तहत भौतिक विज्ञान में शिक्षकों के 13 पदों के लिए 29, 30 एवं 31 अक्तूबर को साक्षात्कार होंगे। इनमें सात पद सामान्य, चार ओबीसी और एक-एक पद एससी-एसटी वर्ग के लिए आरक्षित है। 13 में से एक पद दिव्यांग के लिए आरक्षित है। इसके अलावा समाजशास्त्र में शिक्षकों के आठ पदों पर नियुक्ति के लिए एक और दो अक्तूबर को इंटरव्यू होने हैं। इनमें पांच पद सामान्य वर्ग के हैं जबकि दो ओबीसी और एक पद एससी वर्ग के लिए आरक्षित है। आठ में एक पद दिव्यांग के लिए भी आरक्षित है। दोनों विषयों की फैकेल्टी शून्य है। यानी कॉलेज में इन विषयों को पढ़ाने के लिए कोई स्थायी शिक्षक नहीं है, सो इनके लिए पहले चरण के तहत इंटरव्यू कराया जा रहा है। दूसरे चरण में उन विषयों के लिए इंटरव्यू होंगे, जिनमें केवल एक-एक शिक्षक हैं। कॉलेज प्रशासन दिसंबर तक भर्ती प्रक्रिया पूरी कर लेने की तैयारी में है।