विपक्ष की पाप की कमाई से हुआ कर्ज माफ : योगी
0 प्रदेश की दुर्दशा, बदहाली के लिए कांग्रेस-सपा-बसपा जिम्मेदार, वर्षों की अराजकता को खत्म करने में लगेगा समय
इलाहाबाद। अर्द्धकुंभ की 34 परियोजनाओं के शिलान्यास और ऋण मोचन प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर तीखे हमले बोले। प्रदेश की बदहाली और अराजकता के लिए उन्होंने कांग्रेस, सपा और बसपा को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि किसानों की कर्जमाफी के लिए 34 हजार करोड़ रुपये का इंतजाम इन्हीं दलों की पाप की कमाई को रोककर किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, जिन्होंने प्रदेश को 55 वर्षों तक लूटा वे पांच महीने की सरकार पर प्रश्न चिन्ह लगा रहे हैं। कर्जमाफी की घोषणा के बाद पूछा जा रहा था कि पैसे कहां से आएंगे लेकिन केंद्र सरकार की मदद के बिना तथा बगैर किसी अतिरिक्त कर के इसके लिए आवश्यक राशि का इंतजाम किया गया। जो पाप कांग्रेस, सपा, बसपा ने किया था उसी से एक झटके में कर्जमाफी के लिए जरूरी राशि जुटा ली गई। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की इस स्थिति के लिए कौन जिम्मेदार है इसके बारे में भी विपक्षी दलों को मंथन करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लंबे समय तक अराजकता और भ्रष्टाचार का माहौल रहा लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। यह काम पांच महीने में पूरा करना संभव नहीं था। इसे खत्म करने में समय लगेगा। सख्त कदम उठाए गए हैं। परिणाम भी दिखने लगे हैं। उन्होंने विदेश नीति को लेकर भी कांग्रेस को घेरा। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भारत विश्व शक्ति बन रहा है। डोकलम में चीन पीछे हटने के लिए मजबूर हुआ। इस राष्ट्रीय स्वाभिमान को कांग्रेस, सपा, बसपा के लोग नहीं समझेंगे। मुख्यमंत्री अन्य मुद्दों पर भी विपक्षी दलों को घेरा।
000
कार्यकर्ताओं को धमकाया तो घरों पर चलेगा बुलड्रोजर
0 मुख्यमंत्री ने कहा कि नंद गोपाल नंदी पर मंत्री रहते हुए हमला हुआ था लेकिन इस सरकार में इसे बर्दाश्त नहीं किया। यदि कोई माफिया किसी कार्यकर्ता पर हमला करेगा तो उसके घर में बुलड्रोजर चलेगा। किसी कार्यकर्ता, व्यापारी, महिलाआें और आम आदमी पर हमला करने वाला बचेगा नहीं।