साइबर शातिरों ने जाली मेल के जरिए किया फर्जीवाड़ा, बाद में बैंक अफसरों ने ही रकम वापस दिलाई
बैंक अफसरों ने बिना जांच किए ही दूसरे खाते में भेज दिए रुपये
प्रयागराज। कीडगंज में बाइक एजेंसी मालिक विशाल हांडा के खाते से साइबर शातिरों ने 7.84 लाख रुपये उड़ा दिए। उनके शोरूम के नाम से जाली मेल भेजकर यह फर्जीवाड़ा किया। आरोप है कि बैंक अफसरों ने भी इस मामले में लापरवाही बरती। बिना जांच किए ही उनके खाते से रकम दूसरे खाते में भेज दी। शिकायत पर कीडगंज पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कीडगंज में बाई का बाग निवासी विशाल बाइक एजेंसी चलाते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी एजेंसी का चालू खाता एसबीआई बाई का बाग में है, जो पहले मुट्ठीगंज शाखा में था। उनकी एजेंसी से लगभग मिलती-जुलती मेल आईडी बनाकर किसी ने मुट्ठीगंज शाखा के पूर्व मैनेजर सुशील सरोज, जो अब प्रतापगढ़ में तैनात हैं, को भेजकर 7.84 लाख रुपये किसी अन्य खाते में भेजने को कहा। आरोप है कि मुट्ठीगंज शाखा के मैनेजर ने मेल आईडी की बिना सही तरीके से जांच किए ही रकम ट्रांसफर कर दी। शाम को आरटीओ में रुपये जमा कराने के दौरान खाते से रकम निकासी की जानकारी मिलने पर व्यवसायी के होश उड़ गए।
उन्होंने बैंक पहुंचकर जानकारी की तो पता चला कि रकम हरियाणा के एक बैंक स्थित खाते में भेजी गई है। भुक्तभोगी ने बताया कि खुद को फंसता देख बैंक अफसरों ने उनके रुपये वापस कर दिए लेकिन, आगे फिर ऐसा न हो, इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने मामले की शिकायत कीडगंज पुलिस से की। जिसके बाद अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
डॉक्टर, रेलकर्मी को भी लगाया चूना
प्रयागराज। साइबर शातिरों ने डॉक्टर व रेलकर्मी को भी हजारों का चूना लगा दिया। ताशकंद मार्ग स्थित शिवमहिमा इनक्लवे में रहने वाले डॉ. अनुपम द्विवेदी का आरोप है कि उनके एक्सिस बैंक स्थित खाते से 30 हजार रुपये उड़ा दिए गए। उधर रेलवे में मुख्य टिकट निरीक्षक के पद पर तैनात डोरी लाल शर्मा का आरोप है कि उनके एसबीआई, डीआरएम कार्यालय शाखा स्थित खाते से 15395 रुपये निकाल लिए गए। इसी तरह करामात की चौकी निवासी आयशा खातून का आरोप है कि उनके खाते से तीन बार में कुल 39 हजार रुपये गायब हो गए। पुलिस तीनों ही मामलों में अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी है।