69000 सहायक अध्यापक भर्ती की काउंसलिंग के लिए चयनितों में उत्साह रहा। बुधवार को पहले दिन सेंट एंथोनी गर्ल्स इंटर कॉलेज में 633 चयनितों ने काउंसलिंग कराई। जिले के कोरांव, मेजा, मांडा, शंकरगढ़, हंडिया, प्रतापपुर व शहर में रहने वाले चयनित प्रतियोगी छात्र भी पहुंचे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि जिले को आवंटित 979 सीटों के सापेक्ष पहले दिन 690 अभ्यर्थियों को बुलाया गया, इसमें 633 अभ्यर्थियों ने रिपोर्ट किया। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 16 काउंटर बनाए गए थे। काउंसलिंग के लिए आए अभ्यर्थी सेंट एंथोनी गर्ल्स इंटर कॉलेज के बरामदे में जमीन पर बैठकर अपने पूरे डाक्यूमेंट फैलाकर एक-एक को मिलाकर जमा करने की तैयारी करते रहे।
कोरांव से आए राम प्रकाश काफी उत्साहित दिखाई पड़े, उनका कहना था कि इस नौकरी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा है। शहर में रहकर तैयारी करने वाले अनुराग शर्मा का कहना था कि सहायक अध्यापक भर्ती के लिए परीक्षा पास करने के बाद भी इंतजार करते, करते अब जाकर राहत मिली है।
16 को प्रभारी मंत्री बाटेंगे नियुक्ति पत्र
परिषदीय विद्यालय के लिए चयनित शिक्षकों को प्रभारी मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह 16 अक्तूबर को नियुक्ति पत्र बाटेंगे। बीएसए संजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि इसके लिए तैयारी चल रही है। समारोह में कोविड-19 के मानकों का पालन किया जाएगा।