इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की मानीटरिंग कमेटी ने उप्र. बार काउंसिल के अध्यक्ष को पत्र लिखकर वकीलों की आर्थिक सहायता के लिए दो करोड़ रुपये की मांग की है। हाईकोर्ट के आदेश पर बार एसोसिएशन की मानीटरिंग कमेटी गठित की गई है। कमेटी ने सहायता के लिए प्राप्त आवेदनों का ब्योरा सार्वजनिक किया है। जिसके तहत कुल 6876 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इलाहाबाद एडवोकेट क्लर्क वेलफेयर सोसाइटी की तरफ से 581 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिनपर विचार किया जायेगा। इसकी जानकारी निवर्तमान महासचिव जे बी सिंह ने दी है। प्राप्त आवेदनों में 5 वर्ष तक की वकालत वाले अधिवक्ताओं के 2154, छह से 10 वर्ष की वकालत वाले वकीलों के 2199, 11 से 20 वर्ष की वकालत वाले वकीलों के 1209 और 20 वर्ष से अधिक की वकालत वाले वकीलों के 296 आवेदन मिले हैं, जबकि 268 आवेदनों में वकीलों के एडवोकेट रोल नहीं हैं। 750 आवेदन ई मेल से मिले हैं। आवेदनों की छंटनी का कार्य प्रारंभ हो गया है।