मथुरा और हरिद्वार एक्सप्रेस में अब चाय, काफी और सूप की मशीन
0 प्रोजेक्ट उत्कृष्ट के तहत दोनों ट्रेनों को किया जा रहा मॉडीफाई
0 अगले माह की शुरूआत में मथुरा एक्सप्रेस में बढ़ जाएंगी तमाम सुविधाएं
प्रयागराज। इलाहाबाद जंक्शन से जयपुर जाने वाली मथुरा एक्सप्रेस और प्रयागघाट से हरिद्वार जाने वाली हरिद्वार एक्सप्रेस में यात्रियों को चाय, काफी और सूप मशीन के माध्यम से भी उपलब्ध होंगे। इन दोनों ही ट्रेनों को प्रोजेक्ट उत्कृष्ट के तहत मॉडीफाई किया जा रहा है। इसके फस्ट एसी कोच में एसी यात्रियों को अब पहले के मुकाबले कहीं बेहतर बेडरोल, कंबल, तकिया आदि मिलेगा।
दरअसल प्रोजेक्ट उत्कृष्ट के तहत सभी जोनल रेलवे को अपनी कुछ प्रमुख ट्रेनों को नया लुक देना है। कुंभ की वजह से एनसीआर में यह काम पिछड़ गया था, जो रेलवे अब पूरा करने में जुट गया है। इसके तहत इन दोनों ट्रेनों के एसी फर्स्ट के सभी कूपे में घड़ी सुविधा, सभी एसी कोच में दो जीपीएस युक्त डिस्प्ले बोर्ड की सुविधा दी जाएगी। इसमें ट्रेन की समय सारिणी, आगमन स्टेशन, ट्रेन की गति, तापमान आदि प्रदर्शित होगा। सभी एसी कोच में वाईफाई की भी सुविधा रेलवे देगा। प्रोजेक्ट उत्कृष्ट के तहत अगले माह की शुरूआत में मथुरा एक्सप्रेस मॉडीफाई हो जाएगी। पीआरओ सुनील गुप्ता के मुताबिक द्वितीय चरण में संगम और लिंक एक्सप्रेस को भी मॉडीफाई किया जाएगा।