राम मंदिर निर्माण के लिए अध्यादेश लेकर आए सरकार
0 काशीसुमेरू पीठाधीश्वर स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती ने दो टूक कहा
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। काशीसुमेरू पीठाधीश्वर स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती का कहना है कि सभी हिंदूवादी संगठनों को आपसी मतभेद भुलाकर राम मंदिर निर्माण के लिए एकजुट होना चाहिए। बड़े संकल्प की पूर्णता के लिए छोटे हितों से दूर रहना जरूरी है। यह भी कहा कि यदि किन्हीं कारणों से अदालत की प्रक्रिया में विलंब हो रहा है तो जनभावनाओं को देखते हुए सरकार ही राम मंदिर निर्माण के लिए पहल करे। संयुक्त अधिवेशन बुलाकर अध्यादेश लाए और रामजन्म न्यास को संबंधित भूमि सौंपे, ताकि मंदिर की बाधाएं दूर हो सकें।
कुंभ की तैयारियां देखने कानपुर से प्रयागराज पहुंचे स्वामी नरेंद्रानंद ने सुझाव दिया कि सरकार को कठोर जनसंख्या नियंत्रण कानून लाना चाहिए जो बिना किसी भेदभाव सभी पर समान रूप से लागू हो। वहीं देश के विकास की रफ्तार को भी बढ़ाना होगा, क्योंकि जब तक कंपनियां नहीं लगेंगी और रोजगार के नए अवसर नहीं बढ़ेंगे तब तक विकास नहीं होगा। बेरोजगार युवाओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन सरकार इस बारे में बहुत गंभीर नहीं है। फिलहाल, मौजगिरि मंदिर में रुके स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती रविवार को मेला क्षेत्र में कुंभ की तैयारियां देखेंगे। फिर वह वाराणसी के लिए रवाना होंगे।