कटरा में अतिक्रमण हटाने का विरोध, नाराज लोगों ने दस्ते को घेरा
- पुलिस ने भांजी लाठियां, 100 कब्जे हटाए, 10 हजार जुर्माना वसूला
इलाहाबाद।
कटरा बाजार में सड़क तक बढ़ाकर बनाई गई दुकानों को तोड़ने गए नगर निगम दस्ते को बुधवार को जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। बिना पुलिस के वहां पहुंचे दस्ते में शामिल निगम कर्मियों को लोगों ने घेर लिया। हंगामा करते हुए लोगों ने नारेबाजी भी की। स्थिति बिगड़ती देख प्रभारी ने अफसरों को फोन कर पुलिस बुला ली। पुलिस के आने पर भी लोग उग्र बने रहे तो लाठियां भांजकर उन्हें खदेड़ा गया। करीब एक घंटे तक कार्रवाई बाधित रही। इस दौरान दस्ते ने छोटी बड़ी 100 कब्जे हटवाए और 10 हजार रुपये से अधिक जुर्माना वसूल किया।
नगर निगम का अतिक्रमण उन्मूलन दस्ता दोपहर करीब 11.30 बजे अतिक्रमण निरीक्षक मनोज कुमार की अगुवाई में कटरा में मनमोहन पार्क के पास पहुंचा। पार्क के चारों तरफ फुटपाथ से कब्जा हटाने के बाद दस्ता कचहरी की तरफ बढ़ गया। कचहरी चौराहा स्थित टेंपो स्टैंड से भी अतिक्रमण हटाया। यहां से दस्ता कचहरी के चारों तरफ कब्जा हटवाते हुए कटरा पोस्ट आफिस के समीप सड़क तक बढ़ी दुकानों का ध्वस्तीकरण कराने पहुंचा। कार्रवाई का विरोध करते हुए वहां जुटे लोग हंगामा करने लगे। इस कारण अभियान रोककर इसकी सूचना पुलिस और निगम के अफसरों को दी गई। सूचना पर थोड़ी ही देर बाद वहां पुलिस पहुंच गई। लोग समझाने पर नहीं माने तो उन्हें लाठियां पटककर खदेड़ने के बाद कार्रवाई की गई। यहां से तोड़ू दस्ता डीएम आवास के सामने से बेली रोड पर ट्रैफि क चौराहा, पुलिस लाइन के चारों तरफ कार्रवाई करते हुए लोकसेवा आयोग चौराहा फिर सिविल लाइंस में हनुमान मंदिर चौराहा तक अतिक्रमण हटवाते हुए सड़क और रोड पटरी कब्जा मुक्त कराई गई। दस्ते ने एमजी मार्ग पर जार्जटाउन थाने तक अतिक्रमण हटवाया। अतिक्रमण निरीक्षक मनोज कुमार के मुताबिक अभियान के दौरान 12 भट्टियां तोड़ी गईं। साथ ही 16 गुमटियां, चार फल औैर 7 सब्जी के ठेलों को हटवाया गया। कार्रवाई में 29 टट्टर, 9 ठेले, 6 काउंटर तोड़कर एक रसगुल्ले की दुकान हटवा दी गई। इस दौरान अतिक्रमण करने वालों से 10200 रुपये बतौर जुर्माना वसूल किए गए।