रवींद्र कुमार हिंदुस्तानी एकेडमी के नए सचिव
0 एक बार फिर इलाहाबाद में तैनात अधिकारी को मिली जिम्मेदारी
इलाहाबाद। हिंदुस्तानी एकेडमी को नया सचिव मिल गया। शासन की ओर से सीमैट के मुख्य वित्त लेखाधिकारी रवींद्र कुमार को एकेडमी का नया सचिव नामित किया गया है। कोषाध्यक्ष रविनंदन सिंह के मुताबिक नए सचिव ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण कर लिया। ‘अमर उजाला’ से उन्होंने कहा, एकेडमी के उद्देश्यों को पूरा किया जाएगा। साहित्य से समाज और समाज से साहित्य को दिशा मिलती है। साहित्यिक सरोकारों की दिशा में काम करना मेरे लिए सुखद है।
खास यह कि एक बार फिर यह पद इलाहाबाद में ही तैनात किसी अधिकारी को मिला है। इससे पहले इलाहाबाद में तैनात एडीएम फाइनेंस रामकेवल सचिव थे। उनके बाद तकरीबन पांच वर्षों तक यह पद भाषा विभाग के अधिकारियों के पास रहा, जो लखनऊ से आते-जाते रहे। बता दें, भाषा विभाग के अनु सचिव रहे नरेंद्र प्रताप सिंह एकेडमी के कार्यकारी सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 31 जुलाई को उनके रिटायर होने के बाद यह पद खाली था। वह तकरीबन सात माह तक इस पद पर रहे। इससे पहले भाषा विभाग के अनुसचिव ब्रजेश चंद्र इस पद पर रहे।