संविदा चालक, परिचालक को नियमित करने की मांग
रोडवेज कर्मियों ने की मृतक आश्रितों को नौकरी देने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
रोडवेज के संविदा चालकों और परिचालकों को नियमित करने की मांग को लेकर शुक्रवार को रोडवेज कर्मचारियों ने बैठक की। इसमें रोडवेज के खाली पदों के सापेक्ष भर्ती करने, मृतक आश्रितों को तत्काल नौकरी दिए जाने की मांग भी की गई।
सेंट्रल रीजनल वर्कशाप कर्मचारी संघ की क्षेत्रीय कार्यकारिणी की राजापुर वर्कशाप स्थित कार्यालय में हुई बैठक में रोडवेज कर्मियों ने राज्य कर्मचारियों की भांति परिवहन निगमकर्मियों को सातवें वेतन का लाभ दिए जाने की मांग की। क्षेत्रीय अध्यक्ष रमाकांत त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रीयकृत मार्गों पर से डग्गामार बसों को तत्काल हटाने की मांग भी की गई। आरोप लगाया गया कि कर्मचारियों की मांग की लगातार अनदेखी की जा रही है। इस संबंध में शासन को कई बार नोटिस भी दी गई। बैठक में हरीश प्रताप सिंह, जितेंद्र मिश्र, अरुण कुमार मिश्र, आरपी तिवारी, जयनारायण विश्वकर्मा, कालिका सिंह, नरेश मिश्र, अब्दुल गफ्फार आदि मौजूद रहे।