तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़
फतेहपुर का सरगना मैकेनिक गिरफ्तार, साथियों की तलाश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
सिराथू(कौशाम्बी)। सैनी कोतवाली पुलिस ने सोमवार की रात तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। कनवार जंगल में अर्से से तमंचा फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। पुलिस ने फतेहपुर जिले के सरगना मैकेनिक को धर दबोचा। पुलिस ने मौके से आधा दर्जन अद्धनिर्मित तमंचा और भारी मात्रा में उपकरण बरामद किया है।
सैनी कोतवाली के कनवार जंगल में संचालित हो रही तमंचा फैक्ट्री को सोमवार की रात पुलिस ने भंडाफोड़ किया। मुखबिर की सूचना पर सैनी प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। घेराबंदी करते हुए पुलिस ने तमंचा बना रहे शिव गोपाल पुत्र हरिश्चंद्र विश्वकर्मा निवासी सुल्तानपुर घोस फतेहपुर को धर दबोचा। पुलिस ने मैकेनिक के कब्जे से आधा दर्जन अद्धनिर्मित तमंचा, दो जिंदा कारतूस के साथ तमंचा बनाने का उपकरण बरामद किया। पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए पकड़े गए मिस्त्री को जेल भेजते हुए साथियों की तलाश शुरू कर दी है। एसओ ने बताया कि अर्से से तमंचा की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। साथियों की तलाश जारी है।