सड़कों को बार-बार खोदने पर लगी रोक
0 मंडलायुक्त ने सड़क निर्माण और मरम्मत से जुड़े विभागों की बैठक बुलाई
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
शहर में मनमाने तरीके से सड़कों की खोदाई पर अब अंकुश लगेगा। मंडलायुक्त ने नागरिक सुविधाओं से जुड़े निर्माण एवं मरम्मत के सभी कार्यों में जनता की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए पहली प्राथमिकता में शामिल किया है।
नगर क्षेत्र की सड़कों के निर्माण एवं उनकी मरम्मत के लिए विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं की ओर से समय-समय पर खोदाई करने से जन सामान्य को होने वाली परेशानी को देखते हुए मंडलायुक्त ने सख्त हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण और मरम्मत में लगे विभाग एक-दूसरे के साथ सामंजस्य बिठाते हुए सड़कों के निर्माण कार्य एक बार में पूरे करने का निर्देश दिया। उनका कहना है कि सीवर, बिजली, पेयजल, टेलीफोन की लाइन के लिए बार-बार खोदाई न की जाए। मंडलायुक्त ने 30 जून को अपने कार्यालय में सभी कार्यदायी संस्थाओं की बैठक बुलाई है।
मतदान स्थल के लिए भवनों का अधिग्रहण
इलाहाबाद (ब्यूरा)। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय विकास) त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के मतदान के लिए मतदान स्थल परिषदीय विद्यालयों, इंटर कॉलेजों, पंचायत घर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, साधन सहकारी समितियों में बनाए गए हैं। मतदान केंद्र और बूथ निर्माण के लिए उक्त भवन की मय फर्नीचर आवश्यकता है। मतदेय स्थल 30 जून से एक जुलाई तक अधिग्रहीत किए जाएंगे।