धूमनगंज में अनुसूचित जाति की दो किशोरियों से सामूहिक दुष्कर्म के पांचवें आरोपी ने शुक्रवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। इसके बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। धूमनगंज के बम्हरौली में 26 मार्च को दो किशोरियों से सामूहिक दुष्कर्म हुआ था।
इसमें मुख्य आरोपी इरफान के अलावा अनस, अमन, सनी व हारिस उर्फ नेपाली नामजद हुए। अनस व इरफान को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य दो आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके थे। पुलिस हारिस उर्फ नेपाली की तलाश में जुटी थी। हालांकि, शुक्रवार को उसने कोर्ट में समर्पण कर दिया। पुलिस का कहना है कि मूल रूप से झूंसी के मलावा का रहने वाला हारिस मामले के अन्य आरोपी अनस की गाड़ी चलाता था और इन दिनों वह अपने मामा के घर उमरी में रहता था।
पुलिस का कहना है कि बर्बरता का विरोध करने पर 14 वर्षीय किशेारी को हारिस ने ही पीटा भी था, जिससे वह बेहोश हो गई थी। धूमनगंज पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में जांच चल रही है। ऐसे में हारिस को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।