प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (सीएचएसएल) 2019 की टियर-1 परीक्षा सोमवार को शुरू हो गई। एसएससी मध्य क्षेत्र की ओर से यूपी-बिहार के कुल 19 जिलों में 124 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हुई। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में पहले दिन 44.08 फीसदी उपस्थिति रही, जबकि 56 फीसदी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा में सबसे अधिक 50.82 फीसदी उपस्थिति भागलपुर में रही, वहीं सबसे कम 30.64 फीसदी उपस्थिति औरंगाबाद में दर्ज की गई। औरंगाबाद में पहली पाली में मात्र 25.53 फीसदी उपस्थिति रही। इसी तरह प्रयागराज में पहली पाली में 50 फीसदी उपस्थिति रही। सीएचएसएल टियर-1 परीक्षा 2019 17 से 19 मार्च 2020 के बीच शुरू होने के बाद संक्रमण बढ़ जाने से स्थगित कर दी गई थी। मार्च से लगातार ठप पड़ी परीक्षा प्रक्रिया एक बार फिर से शुरू होने पर परीक्षार्थियों में उम्मीद जगी है कि अब आयोग की भर्ती परीक्षाएं आगे भी होती रहेंगी।