माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इस परीक्षा के लिए कुल 54,38,597 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। पिछले वर्ष के सापेक्ष पंजीकरण थोड़ा कम है। पंजीकरण होने के साथ ही परीक्षा केंद्र बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए ग्रीष्मावकाश के बाद ही पंजीकरण की प्रक्रिया एक जुलाई से शुरू हो गई थी। पांच अगस्त तक निर्धारित शुल्क के साथ आवेदन लिए गए थे। उसके बाद 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ 31 अगस्त तक आवेदन लिए गए थे। फिर शिक्षकों की मांग पर यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने 30 सितंबर तक पंजीकरण का माैका दिया। अब पंजीकरण प्रक्रिया पूरी हो चुका है।
पिछले वर्ष हाईस्कूल और इंटर में 55,25,342 छात्र-छात्रा पंजीकृत हुए थे। इस बार हाईस्कूल में 27,40,151 और इंटर में 26,98,446 ने पंजीकरण करवाया है। अब यही अभ्यर्थी बोर्ड परीक्षा देंगे। नाैवीं और 11वीं में पंजीकरण की प्रक्रिया 20 सितंबर को पूरी हो गई थी। नाैवीं में 29,22,188 और 11वीं में 25,09,497 विद्यार्थियों का पंजीरण हो चुका है। यह परीक्षार्थी अगले वर्ष बोर्ड की परीक्षा में शामिल होंगे।
नकलविहीन परीक्षा कराने की मशक्कत
नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए यूपी बोर्ड केंद्र बनाने के साथ ही सक्रियता बरत रहा है। इसके लिए विद्यालयों से उनके संसाधन के साथ 25 सितंबर तक आवेदन ले लिया है। पिछले वर्ष सभी विद्यालयों की ऑनलाइन निगरानी हुई थी। इस बार भी उसी तर्ज निगरानी होगी। उसके लिए सभी विद्यालयों से उनके सीसीटीवी, डीवीआर, इंटरनेट बैंडविथ, यूपीएस आदि का विवरण ले लिया गया है।