पीसीएस-जे का अंतिम परिणाम मई तक मुश्किल
0 यूपीपीएससी ने अब तक घोषित नहीं किया मुख्य परीक्षा का रिजल्ट
0 अभ्यर्थियों की अधिक संख्या के कारण इंटरव्यू में भी लगेगा समय
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने भले ही सुप्रीमकोर्ट में हलफनामा देकर कहा हो कि पीसीएस-जे परीक्षा का अंतिम चयन परिणाम मई तक जारी कर दिया जाएगा, लेकिन आयोग के लिए यह लक्ष्य अब कठिन होता जा रहा है। आयोग ने अब तक मुख्य परीक्षा का परिणाम भी घोषित नहीं किया है। परिणाम आने के बाद इंटरव्यू होंगे और फिर अंतिम चयन परिणाम तैयार किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में वक्त लगेगा।
इस बार पदों की संख्या अधिक होने के कारण अभ्यर्थियों की संख्या भी काफी बढ़ गई है। अभ्यर्थियों की संख्या के हिसाब से कॉपियों की संख्या भी अधिक हो गई है। पीसीएस-जे के 610 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा पिछले 16 दिसंबर को प्रयागराज, लखनऊ, मेरठ और आगरा के 141 केंद्र में हुई थी। परीक्षा के लिए 64 हजार 691 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे और इनमें से 38 हजार 174 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।
आयोग अंतिम चयन परिणाम मई तक जारी करने का लक्ष्य लेकर चल रहा था, सो प्रारंभिक परीक्षा के 20 दिन बाद ही पांच जनवरी को परिणाम जारी कर दिया गया। प्रारंभिक परीक्षा में 6041 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। आयोग ने 30, 31 जनवरी एवं एक फरवरी को मुख्य परीक्षा भी करा दी। मुख्य परीक्षा हुए दो माह बीत चुके हैं और इसका परिणाम घोषित नहीं किया जा सका है, जबकि आयोग ने मार्च के आखिरी सप्ताह में परिणाम जारी करने की योजना बनाई थी। मुख्य परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद इंटरव्यू की तिथि घोषित की जाएगी। इंटरव्यू के बाद अंतिम चयन परिणाम तैयार होगा और फिर परिणाम घोषित किया जाएगा। इस प्रक्रिया में वक्त लगेगा।