फूलपुर से कृष्णा पटेल की दावेदारी से नए सियासी समीकरण
0 कांग्रेस-अद (कृ) गठबंधन की साझा उम्मीदावार हो सकती हैं कृष्णा
0 कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी व पल्लवी पटेल में वार्ता के बाद बढ़ी सियासी हलचल
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। कांग्रेस से गठबंधन के बाद अपना दल (कृष्णा पटेल गुट) ने फूलपुर लोकसभा सीट पर अपनी दावेदारी कर दी है। कहा जा रहा है कि अद की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल फूलपुर से इस गठबंधन की साझा उम्मीदवार हो सकती हैं। इस दिशा में दोनों सहयोगी दलों के बीच वार्ता हो चुकी है। कांग्रेस महासचिव व पूर्वी यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने अद नेताओं को भरोसा दिलाया है कि वह जल्द ही बैठक बुलाकर इस पर निर्णय लेंगी।
पीलीभीत और गोंडा की लोक सभा सीटें गठबंधन के तहत अद (कृष्णा) के खाते में गईं हैं। इस बीच अद ने कुर्मी बाहुल्य फूलपुर के अलावा प्रतापगढ़ लोस सीटों पर भी दावेदारी कर दी है। नए सिरे से सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस हाईकमान राहुल गांधी व प्रियंका गांधी से वार्ता शुरू हो गई है। अद (कृष्णा) की महासचिव पल्लवी पटेल ने बताया कि वाराणसी दौरे के समय उन्होंने प्रियंका गांधी से फूलपुर सीट के लिए बात की थी। बातचीत सार्थक हुई है। प्रियंका गांधी ने होली के बाद फूलपुर सीट पर फैसला लेने के लिए बैठक बुलाने का भरोसा दिलाया है। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि इस सीट से गठबंधन की साझा उम्मीदवार के रूप में कृष्णा पटेल को उतारा जा सकता ह्रै।
उधर, प्रतापगढ़ सीट पर कांग्रेस राजकुमारी रत्ना सिंह को पहले ही उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। ऐसे में प्रतापगढ़ को लेकर कोई गुंजाइश नहीं रह गई है, लेकिन फूलपुर से कृष्णा को उतारने पर गठबंधन विचार कर सकता है। उल्लेखनीय है कि फूलपुर सीट से अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल भी चुनाव लड़ चुके हैं। फूलपुर सीट देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू, विजय लक्ष्मी पंडित, जनेश्वर मिश्र जैसे दिग्गज नेताओं की सीट रही है।