एएसओ स्क्रीनिंग परीक्षा के प्रवेशपत्र जारी
0 11 नवंबर को होगी परीक्षा, पाठ्यक्रम भी जारी
प्रयागराज। अर्थ एवं संख्या राज्य नियोजन संस्थान उत्तर प्रदेश के तहत सहायक सांख्यिकी अधिकारी (एएसओ) की स्क्रीनिंग परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों के प्रवेशपत्र जारी कर दिए गए हैं। प्रवेशपत्र उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। परीक्षा 11 नवंबर को सुबह 11.30 से दोपहर 1.30 बजे तक एक सत्र में होगी। इसके साथ ही आयोग ने परीक्षा का पाठ्यक्रम भी जारी कर दिया है।
इस परीक्षा में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने 23 अक्तूबर तक ऑनलाइन परास्नातक विषय का चयन एवं अन्य प्रक्रिया पूर्ण कर ली है। स्क्रीनिंग परीक्षा वस्तुपरक प्रकार की होगी, जिसमें भाग-अ सामान्य अध्ययन एवं सामान्य ज्ञान के लिए प्रश्न संख्या एक से 32 (सभी के लिए अनिवार्य), भाग-ब टेक्नीक्स ऑफ स्टैटिस्टिकल एनालिसिस प्रश्न संख्या 33 से 64 (सभी के लिए अनिवार्य), भाग-स (वैकल्पिक विषय) प्रश्न संख्या 65 से 98 तक कॉमर्स, प्रश्न संख्या 99 से 132 तक अर्थशास्त्र, प्रश्न संख्या 133 से 166 तक गणित, प्रश्न संख्या 167 से 200 तक सांख्यिकी/गणितीय सांख्यिकी के सवाल होंगे। अभ्यर्थी को भाग-स से अपने स्नातकोत्तर (विषय) के आधार पर विकल्प चुनना होगा। परीक्षा दो घंटे की होगी और पूर्णांक 132 होगा। एक अभ्यर्थी को कुल 98 प्रश्न हल करने होंगे। अभ्यर्थी पद की अनिवार्य अर्हता से संबंधित जिस विषय में स्नातकोत्तर हों, उसी विषय के प्रश्नपत्र की परीक्षा दें।