शुआट्स के 22 करोड़ ठिकाने लगाने वाले 20 खातेदार निशाने पर
बयान दर्ज न कराने वालों के खिलाफ वारंट लेगी क्राइम ब्रांच
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। एक्सिस बैंक में शुआट्स के 22.40 करोड़ का गबन करने के मामले में राशि को अपने खातों में हस्तांतरित कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पहले फेज में 20 बड़े खातेदार चिह्नित किए गए हैं। इन सभी खातेदारों को नोटिस भेजकर अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए तीन बार बुलाया गया था, लेकिन वे नहीं आए। इन सभी को बुलाने के लिए अदालत से वारंट जारी कराने की कार्रवाई की जानी है। इसके लिए सोमवार से क्राइम ब्रांच की टीम अदालत में आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू करेगी।
क्राइम ब्रांच की अब तक की जांच में 20 खातेदारों ने 50-50 लाख रुपये तक अपने खातों में जमा कराए। इस राशि को उन्होंने अपने निजी कामों में इस्तेमाल कर लिया था। इन सभी को बुलाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे लेकिन वह नहीं आए। इन सभी को अब वारंट जारी करके अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए बुलाया है। सूत्रों का कहना है कि जानबूझकर अपने खातों में इस रकम को हस्तांतरित कराने वाले 20 लोग पहचाने गए हैं। इन सभी की गिरफ्तारी तय मानी जा रही है। इसीलिए इनके खिलाफ साक्ष्य तैयार किए जा रहे हैं। हालांकि यह रकम 73 खातों में जमा हुई थी, इनमें 20 को प्रथम दृष्टया दोषी माना जा रहा है।
वर्ष 2013 से लेकर 2016 तक तीन साल के दौरान एक्सिस बैंक में शुआट्स के खातों से 22.40 करोड़ रुपये बिना चेक के निकाल लिए थे। इस मामले में शुआट्स और बैंक के 12 अधिकारी तथा कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक होने के कारण कुछ के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। एसपी क्राइम बीके मिश्रा ने बताया कि इस मामले में अब धनराशि खातों में जमा कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई विचाराधीन है, उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।