गोरखपुर दंगे के मामले में सुनवाई आज से
0 सीएम योगी आदित्यनाथ भी आरोपी, सीबीआई जांच की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
2007 में गोरखपुर में हुए सांप्रदायिक दंगे की जांच सीबीआई से कराने की मांग में दाखिल याचिका पर शुक्रवार से सुनवाई प्रारंभ होगी। दंगे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आरोपी हैं। हालांकि, प्रदेश सरकार यह साफ कर चुकी है कि साक्ष्य के अभाव में योगी पर मुकदमा चलाने की स्वीकृति नहीं दी जा सकती है। गुरुवार को इस मामले में याची परवेज परवाज और प्रदेश सरकार की ओर से हलफनामा दाखिल किया गया। दोनों पक्षों की सहमति से कोर्ट ने शुक्रवार से इस मामले में सुनवाई प्रारंभ करने का निर्देश दिया है। याचिका पर न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी और न्यायमूर्ति अखिलेश चंद्र शर्मा सुनवाई कर रहे हैं।
याचिका में कहा गया है कि 2007 में हुए सांप्रदायिक दंगे मेें गोरखपुर की मेयर तथा भाजपा के कई नेता शामिल थे। भाजपा सांसद और वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हुआ है, मगर पुलिस इस मामले की सही तरीके से जांच नहीं कर रही है। निष्पक्ष जांच के लिए प्रकरण सीबीआई को सौंपने की मांग की गई है। योगी पर मुकदमा नहीं चलाने संबंधी निर्णय को भी चुनौती दी गई है।