इस बार भी गेस्ट फैकल्टी से चलेगा काम
0 इविवि में 214 पदों पर नियुक्ति के लिए साक्षात्कार 29 जून से
0 आरक्षण के पेच में 517 पदों पर फंसीं नियमित शिक्षकों की भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
इस बार भी इलाहाबाद विश्वविद्यालय को गेस्ट फैकल्टी से काम चलाना होगा। गेस्ट फैकल्टी के 214 पदों पर भर्ती के लिए 29 जून से साक्षात्कार प्रक्रिया शुरू होेने जा रही है। वहीं, आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद आरक्षण के पेच में नियमित शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया अटकी हुई है।
इविवि में शिक्षकों की कमी लगातार बनी हुई है। इससे निपटने के लिए विवि प्रशासन ने 517 नियमित पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति के लिए अप्रैल में आवेदन मांगे थे। इनमें असिस्टेंट प्रोफेसर के 303, एसोसिएट प्रोफेसर के 147 और प्रोफेसर के 67 पद शामिल हैं। बाद में आवेदन तिथि बढ़ा दी गई और जून तक आवेदन लिए गए। इस बीच बीएचयू के मामले में हाईकोर्ट का एक आदेश आने के बाद इविवि में भी भर्ती प्रक्रिया रोक दी गई। हाईकोर्ट ने बीएचयू में हुई शिक्षक भर्ती के मामले में आदेश दिया था कि विश्वविद्यालय को यूनिट मानकर आरक्षण व्यवस्था लागू न की जाए, बल्कि विभागवार आरक्षण रोस्टर लागू किया जाए। इविवि जो भर्ती करा रहा था, उसके तहत भी विश्वविद्यालय को यूनिट मानकर आरक्षण व्यवस्था लागू की गई थी। हाईकोर्ट का आदेश आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने यूजीसी को पत्र भेजकर इस बाबत दिशा-निर्देश मांगे थे, लेकिन यूजीसी की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं मिला है, सो भर्ती प्रक्रिया रुकी हुई है।
इस बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने इविवि के चारों संकायों के सभी 42 विभागों में गेस्ट फैकल्टी के 214 पर भर्ती के लिए 20 जून तक आवेदन मांगे थे। इन पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू 29 जून से चार जुलाई तक प्रस्तावित हैं। मंगलवार को विभागवार पदों का विवरण जारी किया जा सकता है। इंटरव्यू सभी संकायों के डीन की अध्यक्षता वाली कमेटी की देखरेख में होंगे। हालांकि, गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति दिसंबर-2017 तक के लिए की जाएगी। अगर तब तक नियमित शिक्षकों की भर्ती नहीं होती और शिक्षकों की कमी बनी रहती है तो गेस्ट फैकल्टी की सेवा सत्र के अंत तक ली जा सकती है।