प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) अपनी पुरानी योजनाओं में रिक्त पड़े फ्लैट कम दामों पर बेच रहा है। पीडीए के मुताबिक, रविवार को तकरीबन 300 लोगों ने मौके पर जाकर फ्लैट देखे। कुछ लोगों ने ऑनलाइन बुकिंग भी कराई।
प्रथम चरण में पीडीए की ओर से जाह्नवी अपार्टमेंट नैनी (फेज-1), जागृति विहार आवास योजना कालिंदीपुरम, मौसम विहार अपार्टमेंट कालिंदीपुरम, मानस विहार आवास योजना नैनी, यमुना विहार आवास योजना नैनी और वसुधा विहार आवास योजना कालिंदीपुरम में कुल 465 रिक्त फ्लैट ऑनलाइन आवंटन के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। इन योजनाओं में विभिन्न श्रेणी, क्षेत्रफल एवं मूल्य के फ्लैट उपलब्ध हैं।
लोगों को फ्लैट दिखाने के लिए पीडीए के 10 कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी है। नैनी की मानस आवास योजना व यमुना विहार आवास योजना में फ्लैट दिखाने के लिए प्रथम श्रेणी लिपिक महेश प्रसाद, सर्वे खलासी प्रदीप कुमार व चतुर्थ श्रेणी कर्मी लालजी की ड्यूटी लगाई गई है।रविवार को साप्ताहिक अवकाश के कारण बड़ी संख्या में लोग इन योजनाओं में फ्लैट देखने पहुंचे। ऐसे में मुख्य अभियंता बृजेश कुमार कालिंदीपुरम स्थित मौसम विहार योजना में पहुंचे और लोगों को फ्लैट के बारे में जानकारी दी।
अक्तूबर में बनेगी मौसम विहार के सामने वाली सड़क, बारिश के बाद टेंडर
कालिंदीपुरम में मौसम विहार के सामने वाली सड़क तकरीबन 500 मीटर की दूरी तक काफी जर्जर हालत में है। स्थिति इतनी खराब है कि लोगों को एक ही लेन से आना-जाना पड़ रहा है। पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषि राज ने बताया कि बारिश खत्म होते ही सड़क निर्माण का टेंडर निकाल दिया जाएगा और अक्तूबर में निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।