उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में रिकार्ड तोड़ तापमान दर्ज किया गया। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 46.4 डिग्री सेल्सियस के साथ बंदा राज्य में पहले नंबर पर रहा, जबकि 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रयागराज दूसरे स्थान पर दर्ज किया गया। इसके बाद तीसरे स्थान पर उरई 45.4 डिग्री, चौथे पर झांसी 45.4 डिग्री और पांचवे स्थान प आगरा 45.3 डिग्री रहा। विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दो दिनों में तपिश और ज्यादा बढ़ेगी, जिसके लिए पारा 48 डिग्री सेल्सियस तर पहुंचने का रेड अलर्ट जारी किया गया है। आसमान में दिखी बादलों की आवाजाही आमतौर पर बादलों के आने से मौसम ठंडा होता है लेकिन शनिवार को स्थिति बिल्कुल अलग रही । दोपहर के वक्त कुछ देर के लिए आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही देखने को मिली, पर हवा शुष्क और बेहद गर्म बनी रही। इस झुलसाने वाली सूखी गर्मी में सड़कों पर अघेषित कर्फ्यू जैसा सन्नाटा पसरा रहै। जरुरी काम से बाहर निकले राहगीर और दोपहिया वाहन चालक धूप के थपेड़ों से बेहाल नजर आए। संगम क्षेत्र में आए मुसाफिर धूप से बचने के लिए पेड़ों की छांव तलाशते दिखे। जहां पेड़ नहीं थे, वहां लोग खड़ी बसों के नीचे उसकी परछाई का सहारा लेकर बैठे रहे। राहगीरों के पास मौजूद ठंडे पानी की बोतलें भी कुछ ही मिनटों में उबलने लगी। 30 मई तक राहत के आसार नहीं इलाहाबाद विश्वविद्यालय के वायुमंडल और समुद्र अध्ययन केंद्र के मौसम वैज्ञानिक प्रो. शैलेंद्र राय के मुताबिक फिलहाल इस प्रचंड गर्मी से कोई बड़ी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। उन्होंने बताया की आगामी 30 मई तक मौसम का मिजाज कमोबेश ऐसा ही कड़ा बना रहेगा। इस दौरान स्थानीय स्तर पर बीच-बीच में थोड़े बहुत बादल जरूर देखने को मिल सकते हैं, लेकिन गर्म हवाओं और तेज धूम का दौर लगातार जारी रहेगा।