प्रदेश के अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों के लिए 2016 में विज्ञापित प्रवक्ता पदों पर भर्ती के लिए शुक्रवार को हुई परीक्षा में लगभग 45 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की ओर से हुई परीक्षा में पहली पाली में 1.18 लाख पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 45.27 फीसदी अनुपस्थित रहे, जबकि दूसरी पाली में 1.10 लाख पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 40 फीसदी से अधिक ने परीक्षा छोड़ दी। दो फरवरी को प्रवक्ता के 12 दूसरे विषयों के लिए 1.86 लाख परीक्षार्थी प्रदेश के 11 मंडल मुख्यालयों में परीक्षा देंगे।
चयन बोर्ड की ओर से हुई परीक्षा में पहली पाली में जीव विज्ञान, समाज शास्त्र, इतिहास, भौतिक विज्ञान, मनोविज्ञान एवं तर्कशास्त्र की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में वाणिज्य, हिंदी, रसायन विज्ञान, भूगोल, संगीत गायन एवं शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता (पीजीटी) की परीक्षा हुई। चयन बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक नवल किशोर ने बताया कि प्रदेश के आगरा, अयोध्या (फैजाबाद), आजमगढ़, बरेली, गोरखपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद एवं वाराणसी मंडल मुख्यालयों पर परीक्षा का आयोजन किया गया। प्रयागराज में कुंभ के चलते यहां पंजीकृत 70 हजार से अधिक परीक्षार्थियों को दूसरे जिले में परीक्षा के लिए भेज दिया गया है। चार फरवरी को होने वाले मौनी अमावस्या के स्नान को आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते परीक्षार्थियों को शहर से आने और जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।