इलाके की गैस एजेंसियों की मनमानी और सिलिंडरों की कालाबाजारी ने आम उपभोक्ताओं को परेशान कर दिया है। 45 दिन की वेटिंग के बाद हफ्तों का इंतजार, ऊपर से डिलीवरी के नाम पर अतिरिक्त वसूली ने डीलरों की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
कौड़िहार एवं नवाबगंज क्षेत्र की एपीजी गैस एजेंसियों के खिलाफ उपभोक्ताओं में आक्रोश है। आरोप है कि सिलिंडर बुक करने के बाद भी उन्हें कम से कम 45 दिनों की वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, घरेलू उपभोक्ता गैस के लिए दर-दर भटक रहे हैं और बाजार में गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी की जा रही है। लोगों का कहना है कि एजेंसी संचालकों की मिलीभगत से सिलिंडरर ब्लैक में बेचे जा रहे हैं, जबकि वैध उपभोक्ताओं को स्टॉक की कमी का बहाना बनाकर लौटा दिया जाता है।
एक दुकानदार ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि ब्लैक में डेढ़ हजार रुपये में सिलिंडर मिल रहा है। होम डिलीवरी के नाम पर सरकारी नियमों को ताक पर रखकर प्रति सिलेंडर 20 से 50 रुपये तक अतिरिक्त मांगे जा रहे हैं।
उपभोक्ता नौशाद अहमद ने बताया कि उनके यहां 800 ग्राम गैस कम थी। कई ग्राहकों ने बताया किसी भी प्रकार की आपत्ति करने पर अगली बार समय पर गैस न देने की धमकी दी जाती है। वहीं, बकरीद पर उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर नहीं मिला।