42 घंटे में चलीं 335 मेला स्पेशल ट्रेनें
मौनी अमावस्या पर प्रयागराज पहुंचे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 42 घंटे में रेलवे द्वारा 335 मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा चुका है। महाकुंभ मेला अवधि में अब तक दो हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई जा चुकी हैं। मौनी अमावस्या के अगले दिन यानी बृहस्पतिवार को प्रयागराज के सभी स्टेशनों से 113 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया गया। इसमें प्रयागराज जंक्शन से 57, प्रयागराज छिवकी से तीन, नैनी से छह, सूबेदारगंज से पांच, प्रयाग से 11, फाफामऊ से पांच, प्रयागराज रामबाग से सात और झूंसी से 19 स्पेशल ट्रेनें शाम छह बजे तक चलाई गईं।
जंक्शन पर खुसरोबाग से ही दिया गया प्रवेश
प्रयागराज जंक्शन पर बुधवार की तरह बृहस्पतिवार को भी यात्रियों को खुसरोबाग सेे ही प्रवेश दिया गया। इसका फायदा यह रहा कि यहां रेलवे द्वारा क्राउड मैनेजमेंट बेहतर तरीके से कर लिया गया। जंक्शन के किसी भी यात्री आश्रय स्थल पर भीड़ नहीं हुई और लगातार यात्रियों को स्पेशल ट्रेनों में बैठाया जाता रहा।
कई मेला स्पेशल ट्रेन निरस्त होने से बढ़ी श्रद्धालुओं की दिक्कत
मौनी अमावस्या केे बाद रेलवे जहां एक ओर ऑन डिमांड स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है तो वहीं दूसरी ओर पूर्व में घोषित मेला स्पेशल ट्रेनों का निरस्तीकरण भी कर रहा है। इस वजह से उन श्रद्धालुओं को ज्यादा दिक्कत हो रही है जिन्होंने प्रयागराज आने के लिए ट्रेनों में अपने रिजर्वेशन करवा रखे हैं। अब ट्रेन निरस्त होने की सूचना मिलने की वजह से वह परेशान है कि क्या करें।
देवरिया से आए भानू निषाद और उनकेे पुत्र रिंकू निषाद का उदाहरण लें तो मौनी अमावस्या के एक दिन पूर्व ही वह प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने वापसी का रिजर्वेशन चौरीचौरा एक्सप्रेस में करवा रखा था, लेकिन सूचना मिली कि ट्रेन निरस्त है। बाद में वह पैदल ही झूंसी के लिए रवाना हुए, ताकि वहां से वह बस द्वारा देवरिया पहुंच सके। इसी तरह बुधवार नेता जी एक्सप्रेस के निरस्त होने की वजह से गया से प्रयागराज पहुंचे कृष्ण जी श्रीवास्तव ने खूसरोबाग आश्रय स्थल पर रात गुजारी।
वह बृहस्पतिवार को स्पेशल ट्रेन से पंडित दीन दयाल उपाध्याय के लिए रवाना हुए। इस बीच रेलवे ने पूर्व में घोषित कुछ और ट्रेनों को भी निरस्त किया है। इसमें 04109-04110 गोविंदपुरी -प्रयागराज-गोविंदपुरी 31 जनवरी को, 01809-08110 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी -प्रयागराज छिवकी 31 जनवरी को, 01811-01812 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी -प्रयागराज छिवकी 31जनवरी, 01815 ग्वालियर - प्रयागराज छिवकी 31जनवरी , 01816 प्रयागराज छिवकी - ग्वालियर एक फरवरी, 01817 बीना - प्रयागराज छिवकी, 31 जनवरी , 01818 प्रयागराज छिवकी - बीना एक फरवरी, 04117-04118 प्रयागराज-अयोध्या कैंट 31 जनवरी को निरस्त रहेगी।