होली पर छुट्टी न लेने वाले रोडवेज कर्मियों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
छुट्टी न लेने वाले ड्राइवरों, कंडक्टरों के लिए रोडवेज की योजना
प्रयागराज। होली और उसके आसपास की तिथियों में लगातार काम करने वाले कर्मचारियों को रोडवेज प्रोत्साहन राशि देगा। रोडवेज की यह प्रोत्साहन राशि योजना 17 मार्च से 24 मार्च तक लागू रहेगी। इस दौरान सात दिन लगातार काम करने वाले नियमित ड्राइवर एवं कंडक्टरों को 2100 एवं आठ दिन काम करने वाले कर्मचारियों को 2800 रुपये की एकमुश्त धनराशि रोडवेज की ओर से दी जाएगी।
होली और उसके आसपास की तिथियों में रोडवेज में यात्रियों का काफी लोड बढ़ जाता है। महत्वपूर्ण त्योहार पर अगर रोडवेज के ड्राइवर और कंडक्टर छुट्टी ले ले तो उसका सीधा असर बस के परिचालन पर पड़ता है। कर्मचारी पर्व के दौरान छुट्टी न ले इसके लिए रोडवेज उन्हें प्रोत्साहन राशि देने जा रहा है। इसके तहत 17 से 24 मार्च तक लगातार आठ दिन काम करने वाले रोडवेज के कंडक्टर और ड्राइवरों को 2100 रुपये की धनराशि प्रतिदिन के हिसाब से दी जाएगी। इसी तरह सात दिन काम करने वाले ड्राइवर और कंडक्टरों को रोडवेज 2800 रुपये प्रतिदिन की दर से भुगतान किया जाएगा। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक टीएसके बिसेन के मुताबिक वर्कशाप पर तैनात कर्मचारियों को इस दौरान सात दिन लगातार काम करने के लिए 700 रुपये एवं आठ दिन काम करने वाले कर्मचारियों को 850 रुपये का एक मुश्त भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा संविदा के ड्राइवर और कंडक्टर को रोडवेज की ओर से 2400 किलोमीटर से ज्यादा चलने पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान किया जाएगा।