वंदे भारत में अब तक 64 फीसदी यात्री प्रयागराज के ही
0 पिछले छह फेरों में 6768 यात्रियों में से 4296 रहे प्रयागराज के
0 प्रयागराज वालों को भाई वंदे भारत, होली के पहले ट्रेन फूल
राहुल शर्मा
प्रयागराज। देश मेें निर्मित पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस का प्रयागराज में ज्यादा क्रेज है। इस ट्रेन में प्रयागराज से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। 17 फरवरी से शुरू हुई इस ट्रेन में अब तक जितने यात्रियों ने सफर किया है, उसमें से तकरीबन 64 फीसदी का रिजर्वेशन इलाहाबाद जंक्शन से ही रहा।
वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में पांच दिन हो रहा है। अब तक ट्रेन 17, 19, 20, 22, 23 एवं 24 फरवरी को ही चली है। इन पिछले छह फेरे में इस ट्रेन में मौजूद कुल 6768 यात्रियों में से 4296 यात्री ऐसे रहे, जिन्होंने इलाहाबाद से नई दिल्ली का सफर किया। रेलवे अफसर भी इस आंकड़े से खासे उत्साहित हैं। इलाहाबाद जंक्शन के मुकाबले वाराणसी और कानपुर से सफर करने वाले यात्रियों का ग्राफ काफी कम है। 24 फरवरी की ही बात करें तो इसमें सफर करने वाले कुल यात्रियों में तकरीबन 79 फीसदी यात्री इलाहाबाद जंक्शन से ही चढ़े। नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चलने वाली इस ट्रेन के सभी 16 कोच की अधिकांश सीटें जंक्शन पर ही खाली हो जाती हैं। दरअसल, इस ट्रेन में एग्जीक्यूटिव कार और चेयर कार के 16 कोच में कुल 1128 सीटें हैं। ट्रेन सभी फेरों में इलाहाबाद से फुल रही। इस हिसाब से पिछले छह फेरों में इसमें कुल 6768 यात्रियों ने वाराणसी से नई दिल्ली के बीच सफर किया। इसमें 4296 यात्री ट्रेन में इलाहाबाद से दिल्ली तक गए।
एनसीआर के सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल का कहना है कि यात्रियों को महज 6.23 घंटे में ही दिल्ली पहुंचने का विकल्प मिल गया है। खास तौर से ऐसे यात्री जो रात के सफर से बचना चाहते हैं, उन्हें ये ट्रेन खासी पसंद आई है। वहीं दूसरी ओर होली के पूर्व दिल्ली से इलाहाबाद के लिए वंदे भारत में 16 से 20 मार्च तक प्रतीक्षा सूची हो गई है। उधर, इस बीच भी पांच मार्च तक ट्रेन में इलाहाबाद से नई दिल्ली के लिए लंबी प्रतीक्षा सूची हो गई है। उधर इलाहाबाद-वाराणसी के बीच इस ट्रेन से अब तक 1185 यात्रियों ने सफर किया है।
जंक्शन से नई दिल्ली के बीच कब कितने यात्रियों ने किया सफर
तिथि एग्जीक्यूटिव कार चेयर कार
17 फरवरी 67 589
19 फरवरी 68 625
20 फरवरी 66 640
22 फरवरी 57 565
23 फरवरी 75 653
24 फरवरी 57 834