शिवकुटी में पांचवें दिन भी पानी के लिए हाहाकार
- क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत नहीं, 400 घरों में रहने वाले हजारों लोग परेशान
इलाहाबाद। शिवकुटी में सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क खोदाई के दौरान टूटे पाइप की मरम्मत मंगलवार को पांचवें दिन भी नहीं की जा सकी। इलाके में पानी के लिए हाहाकार मचा है। पांच सौ घरों में रहने वाले हजारों लोग पेयजल के लिए परेशान होकर भटक रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी जलकल और गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के अफसरों ने सिर्फ आश्वासन ही दिया काम नहीं कराया।
शिवकुटी में सीवरेज कार्य के दौरान पाइप टूटने से बाधित हुई जलापूर्ति को बहाल करने के लिए संबंधित विभागों के अफसर गंभीर नहीं हैं। लोग बाल्टी-डिब्बा लेकर भटक रहे हैं। पार्षद कमलेश तिवारी ने बताया कि सुंदरबाग, सती रानी स्कूल की गली, गुप्ता तेल वाले की गली, अयोध्या प्रसाद शुक्ला की गली और कृष्ण नारायण द्विवेदी की गली में पानी के लिए लोग परेशान हैं। पार्षद के मुताबिक इस संबंध में जलकल और गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के जीएम से कई बार कहा गया। हर बार जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया गया, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। इस बीच सोमवार को ही प्रभावित इलाके में पानी के दो टैंकर भेजे गए। मंगलवार को कई बार कहने के बाद भी टैंकर भी नहीं भेजे गए। उन्होंने कहा कि जिम्मदार अफसर सुनते नहीं इसलिए अब इस बारे में अब नगर विकास मंत्री से गुहार लगाई जाएगी।