होली की भीड़ के लिए हर रोज चलेगी 176 अतिरिक्त बसें
0 कानपुर, लखनऊ, फैजाबाद, वाराणसी, गोरखपुर आदि मार्ग पर होगा संचालन
0 26 फरवरी से पांच मार्च तक काम करने वाले रोडवेज कर्मियों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
इलाहाबाद। होली के अवसर पर यात्रियों की भीड़भाड़ को देखते हुए यूपी रोडवेज ने इलाहाबाद से विभिन्न रूटों के लिए अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी की है। रोडवेज द्वारा 26 फरवरी से पांच मार्च के दौरान नौ मार्ग पर कुल 176 अतिरिक्त बसें चलाने की घोषणा की गई है। सोमवार को रोडवेज द्वारा विभिन्न मार्गों पर चलाई जाने वाली बसों की संख्या जारी कर दी गई।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक डा. हरिशचंद्र यादव के मुताबिक उक्त अवधि में कानपुर-दिल्ली मार्ग पर 19, लखनऊ-दिल्ली मार्ग पर नौ, लखनऊ मार्ग पर 34, फैजाबाद मार्ग पर 20, कानपुर मार्ग पर 24, वाराणसी मार्ग पर 24, जौनपुर-गोरखपुर मार्ग पर 26, मिर्जापुर और बांदा मार्ग पर दस-दस अतिरिक्त बसें नियमित रूप से चलेंगी। इसके अलावा रोडवेज ने इन अवधि में छुट्टी न लेने वाले चालकों एवं परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना भी आठ दिन के लिए लागू की है। इस अवधि में लगातार सात दिन काम करने वाले चालक-परिचालक को न्यूनतम 300 किलोमीटर प्रतिदिन की दर से 2100 रुपये का भुगतान किया जाएगा। अगर चालक परिचालक आठ दिन काम करते हैं तो उन्हें 350 रुपये प्रतिदिन की दर से भुगतान किया जाएगा। संविदा चालक-परिचालकों को इस अवधि में 2400 किलोमीटर से अधिक चलने पर 55 पैसे प्रतिकिलोमीटर की दर से भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा डिपो एवं वर्कशॉप में तकनीकी कर्मचारियों को लगातार सात दिन काम करने की एवज में एक मुश्त 700 रुपये एवं आठ दिन काम करने पर 850 रुपये की एकमुश्त राशि जारी की जाएगी।