टीईटी 2017 परीक्षा 15 अक्तूबर को, पंजीकरण 25 से
0 सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने जारी किया कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) 2017 की परीक्षा 15 अक्तूबर को होगी। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 25 अगस्त से शुरू होगी। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने सोमवार को आवेदन एवं परीक्षा से संबंधित कार्यक्रम जारी कर दिया।
सचिव डॉ.सुत्ता सिंह के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन पंजीकरण 25 अगस्त को प्रारंभ होकर आठ सितंबर को शाम छह बजे तक चलेगा। ई-चालान के जरिए आवेदन शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 26 अगस्त से शुरू होकर 11 सितंबर तक चलेगी, जबकि ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करने की अंतिम तिथि 13 सितंबर निर्धारित की गई है। ऑनलाइन आवेदन में किसी तरह की त्रुटि होने पर उसमें 15 सितंबर से 19 सितंबर को शाम छह बजे तक नियमानुसार संशोधन कराया जा सकेगा।
सचिव के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन पत्र के लिए शैक्षिक योग्यता, आवेदन शुल्क, पाठ्यक्रम संरचना, परीक्षा अवधि एवं स्वरूप तथा अन्य शर्तों सहित विस्तृत दिशा निर्देश एनआईसी से निर्मित वेबसाइट http:/upbasiceduboard.gov.in पर उपलब्ध है। इसी वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन के लिए पंजीकरण फॉर्म, आवेदन शुल्क जमा करने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का लिंक एवं ऑनलाइन आवेदन उपलब्ध है।