इलाहाबाद से बमरौली के बीच अब चौथी रेल लाइन
0 मंडल में ट्रेनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एनसीआर प्रशासन का निर्णय
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के इलाहाबाद मंडल में ट्रेनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेल प्रशासन ने यहां अतिरिक्त रेल लाइन बनाने की तैयारी की है। इसके लिए एनसीआर ने बोर्ड को इलाहाबाद से बमरौली के बीच चार रेल लाइन बिछाने का प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया है। इलाहाबाद-बमरौली के साथ ही जोन में कई अन्य स्थानों पर भी तीसरी और चौथी लाइन बिछाने की तैयारी है।
दरअसल, एनसीआर की वर्क रिव्यू मीटिंग में जोन के उन रेलखंडों पर चर्चा हुई, जहां ट्रेनों की ज्यादा आवाजाही है। इसे देखते हुए तय किया कि संबंधित रेलखंडों पर अतिरिक्त लाइन बिछाई जाए। ताकि ट्रेनों की लेटलतीफी पर अंकुश लग सके। तय हुआ कि इलाहाबाद से बमरौली के बीच दो और अतिरिक्त लाइन बिछाई जाए। अभी इलाहाबाद से सूबेदारगंज के बीच तीन लाइन है, जबकि सूबेदारगंज से बमरौली के बीच डबल ट्रैक है। इसके अलावा अलीगढ़ से दाउदखान के बीच थर्ड लाइन, चिपियाना बुजुर्ग और दादरी के बीच चौथी लाइन, आगरा फोर्ट से बांदीकुई का रेलवे लाइन का दोहरीकरण करने का निर्णय लिया गया। एनसीआर महाप्रबंधक एमसी चौहान के नेतृत्व में हुई बैठक में संबंधित कार्यों का प्रस्ताव बोर्ड को भेजे जाने को कहा गया। बैठक में 4862 करोड़ रुपये की लागत के कुल 190 कार्यों से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इस 190 प्रस्तावों में से 38 प्रस्ताव ऐसे रहे जिसमें से प्रत्येक की लागत 20 करोड़ रही, जबकि 152 प्रस्ताव की लागत 20 करोड़ रुपये से कम की रही।