कोतवाली क्षेत्र के कनेहटी गांव निवासी दीपिका बीसी सखी के रूप में कार्यरत हैं। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे वह बाबूगंज बाजार स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम पर नया पिन जनरेट कराने पहुंची। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने मदद का भरोसा देकर मौके का फायदा उठाकर उनका डेबिट कार्ड बदल दिया। घटना के कुछ ही मिनट बाद पीड़िता के मोबाइल पर खाते से रूपये कटने के लगातार संदेश आने लगे। ठगों ने 10 मिनट के भीतर 10-10 हजार रुपये की चार अलग-अलग निकासी कर 40 हजार रुपये उड़ा दिए।दीपिका ने तुरंत बैंक पहुंचकर अपना खाता और डेबिट कार्ड ब्लॉक कराया। दीपिका ने साइबर सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हुए फूलपुर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि फूलपुर पुलिस इस मामले में भी रिपोर्ट नहीं दर्ज की।
शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच जारी है। एटीएम बूथ पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
- विवेक यादव, सहायक पुलिस आयुक्त फूलपुर।