फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंकों में मचेगी अफरातफरी

Thu, 10 Nov 2016 01:10 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
बैंकों के लिए आज का दिन काफी मुश्किल भरा होगा। सरकार की ओर से 500 एवं 1000 रुपये के नोट पर बंदिश लगाए जाने के बाद बैंक एक दिन के लिए बंद रहे। अब बृहस्पतिवार यानी आज बैंक खुलेंगे। बंदी के बाद बड़े नोट बदलने का काम भी होगा। जाहिर है, भारी भीड़ बैंक पहुंचेगी। ऐसे में सभी शाखाओं में अफरातफरी मच सकती है। हंगामे की भी आशंका है। हालांकि बैंक अफसर पूरी तैयारी का दावा करते हैं।
विज्ञापन


बैंकों में नोट बदलने के लिए भारी भीड़ आने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त काउंटर के साथ डीलिंग के लिए कर्मचारियों को लगाया जा रहा है। शाखाओं के चेस्ट में मौजूद 100, 50, 20 एवं 10 की नोट देने के लिए बैंकों ने विशेष व्यवस्था की है। बुधवार को बैंकों में पहले से रखे 1000 एवं 500 रुपये के नोट करेंसी चेस्ट में भेजे गए। उसे अब आरबीआई को भेजा जाएगा।

एसबीआई के चीफ मैनेजर अनिल सिन्हा ने बताया कि नोट बदलने के लिए ग्राहकों को बैंकों की ओर से उपलब्ध कराए गए फार्मेट में अपने विवरण के साथ नोटों का विवरण भरना होगा। विवरण के साथ फोटो आईडी लाना होगा। बैंकों में उपलब्ध छोटे नोट पहले लोगों को दिए जाएंगे। आम ग्राहक के पास मौजूद हर नोट बदला जाएगा और खाताधारकों का पैसा जमा किया जाएगा। कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, ग्राहक संयम बरतें। बैंक की शाखाओं में पुलिस एवं सुरक्षा की व्यवस्था चौकस रहेगी।
विज्ञापन


पंजाब नेशनल बैंक अधिकारी संघ के अध्यक्ष अश्वनी तिवारी ने बताया कि बैंकों का समय बढ़ाकर प्रात: 10 से शाम सात बजे कर दिया गया है। इसके साथ आरबीआई के निर्देश पर बैंक दूसरे शनिवार अर्थात 12 एवं रविवार 13 नवंबर को भी खुले रहेंगे। पीएनबी के अमित सिन्हा ने बताया एक ग्राहक 4000 रुपये फोटो आईडी के साथ बैंक में आकर चेंज कर सकता है। नोट बदले जाने का काम उसकी उपलब्धता पर निर्भर करेगा। एक बार में 10 हजार रुपये ही निकाल सकेंगे। सप्ताह में 20 हजार रुपये से अधिक धन नहीं निकाल पाएंगे। एटीएम से मात्र दो हजार निकाल पाएंगे। बताया कि जहां एटीएम में पैसे डाल दिए गए हैं, वह बृहस्पतिवार को खोल दिए जाएंगे। पंजाब नेशनल बैंक अधिकारी संघ ने बैंकों में पर्याप्त सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगले 40 दिन उनके लिए चुनौती भरे होंगे। उन्होंने ग्राहकों से संयम बरतने की अपील की है।

भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से बुधवार को इलाहाबाद जिले के सभी बैंकों के लिए 85 अरब रुपये भेजे हैं। इसमें दो हजार के नोट के पहुंचने की बात बैंक के अधिकारी कबूल रहे हैं। बैंक के सूत्रों का कहना है कि 500 रुपये के नोट भी सुबह तक आने की संभावना है। बृहस्पतिवार को बैंकों में रुपये जमा करने एवं बदलने का काम होगा। आरबीआई के कानपु़र कार्यालय से प्रदेश के लखनऊ एवं कानपुर जिले को दो हजार के नोट भेज दिए गए। इलाहाबाद को भी दो हजार नोट के 85 अरब रुपये भेजे गए हैं। शहर में एसबीआई, पीएनबी, बैंक ऑफ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक सहित छह प्रमुख बैंकों की 11 करेंसी चेस्ट से जिले के सभी बैंकों को रुपये वितरित किए गए। स्थानीय स्तर पर बैंकों को करेंसी चेस्ट के माध्यम से 20, 50 और 100 रुपये के नोट बुधवार को पहुंचा दिए गए।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें