40 lakhs seized from retired professor of medical college
प्रयागराज। सिविल लाइंस में जमीन के नाम पर मेडिकल कॉलेज के रिटायर्ड प्रोफेसर डॉ. संतोष कुमार से 40 लाख रुपये हड़प लिए गए। यही नहीं रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। खास बात यह कि उनसे सरकारी जमीन के नाम पर फर्जी इकरारनामा कर रुपये वसूले गए। पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जार्जटाउन निवासी डॉ. संतोष मेडिकल कालेज से रिटायर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 2013 में उनका संपर्क राजापुर निवासी इसरारुल हक खान से हुआ। जिसने खुद को सिविल लाइंस में थार्नहिल रोड स्थित प्लॉट का मालिक बताया। साथ ही 200 वर्ग गज के प्लॉट के लिए उनसे 40.20 लाख रुपये ले लिए। इसका उसने इकरारनामा भी किया। बाद में पता चला कि उक्त जमीन सरकारी है, जिस पर हुए अवैध कब्जे को हटवाकर पिछले साल नगर निगम को सौंप दिया गया। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उसने जान से मारने की धमकी दी।
भुक्तभोगी ने यह भी बताया कि आरोपी प्लॉट के ही नाम पर जिले में ही तैनात एक अन्य डॉक्टर से भी लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर चुका है। सिविल लाइंस पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर अमानत में ख्यानत, धोखाधड़ी व धमकी देने के आरोप में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।