रूट प्लान भी तैयार
प्रयागराज परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक एमके त्रिवेदी ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के लिए शहर और बाहर दोनों का रूट प्लान तैयार है। उन्होंने बताया कि नेहरू पार्क, बेला कछार और अंदावा समेत प्रयागराज में बसों की चार्जिंग की चार जगह व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है। मेला प्रशासन और पुलिस के द्वारा इनके रूट भी तय किए जा चुके हैं। स्नान पर्वों पर कुल छह रूट्स पर बसों का संचालन होगा, जबकि सामान्य दिनों में 11 रूटों पर इलेक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी। उन्होंने बताया कि बसों के आते ही उनका संचालन तत्काल प्रभाव से शुरू कर दिया जाएगा।
द्वितीय चरण में डबल डेकर बसें भी होंगी संचालित
परिवहन विभाग द्वितीय चरण में डबल डेकर बसें भी संचालित करेगा। विभाग को दूसरे चरण में कुल 120 इलेक्ट्रिक बसें मिलने की संभावना है। इनमें से 20 बसें डबल डेकर होंगी तथा 100 बसें नौ मीटर और 12 मीटर की होगी। 20 डबल डेकर की आपूर्ति स्विच मोबिलिटी के अलावा अन्य दो प्रकार की बसों की आपूर्ति में पिनेकल मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा की जाएगी। महाकुंभ के दौरान इन बसों का संचालन मुश्किल है।