39 nominated in the violation of lock down
- फोटो : CITY DESK
लॉकडाउन को लेकर तमाम अपीलों के बावजूद घरों के भीतर न रहने वालों पर सख्ती शुरू हो गई है। इसके तहत एक दिन पहले की तरह ही मंगलवार को भी कई लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई। 18 अलग-अलग मामलों में कुल 72 लोगों को नामजद किया गया जबकि 100 से ज्यादा अज्ञात पर एफआईआर दर्ज की गई।
शहर में तीन मुकदमे धूमनगंज थाने मेें लिखे गए। पहला मुकदमा एसआई मो. खालिद की तहरीर पर लिखा गया। जिसमें 10 नामजद व 20 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई। उसका आरोप है कि रोक के बावजूद नेहरू पार्क सुलेमसराय मोड़ पर उपरोक्त लोग बेवजह जमा थे। इसी तरह दूसरा मुकदमा एसआई अरविंद कुमार यादव की तहरीर पर लिखा गया जिसमें 11 नामजद व 20 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई। तीसरा केस एसआई चंद्रिका यादव की तहरीर पर दर्ज किया गया। इसमें 18 नामजद व 15 अज्ञात को आरोपी बनाया गया। इसी तरह घूरपुर, नैनी, नवाबगंज में कुल 15 केस दर्ज किए गए। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि सभी पर धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इससे पहले सोमवार को कुल 36 नामजद व 60 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। धूमनगंज, कोतवाली, मुट्ठीगंज में दर्ज सात मुकदमों में आरोपी बनाए गए इन लोगों पर धारा 144 के उल्लंघन और महामारी एक्ट के तहत मुकदमा लिखा गया था।
यही नहीं मंगलवार को डेढ़ हजार से ज्यादा वाहनों का चालान किया गया। पुलिस अफसरों ने बताया कि कुल 1683 वाहनों का चालान किया गया। इस दौरान 13600 रुपये जुर्माना वसूला गया। जबकि 10 हजार से ज्यादा वाहनों की चेकिंग की गई। अफसरों ने बताया कि जिले में 187 बैरियर प्वाइंट बनाए गए हैं जहां पुलिस पिकेट लगाकर निरंतर हर आने जाने वालों से पूछताछ की जा रही है।