prayagraj news: death from corona
- फोटो : prayagraj
कोरोना संक्रमण का स्तर मंगलवार को पांच महीने पहले के स्तर पर आ गया। दिन भर में 5922 लोगों की कोविड जांच को नमूने लिए गए। 24 घंटे में 34 नए लोगों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 54 लोगों ने कोरोना को मात दी। वहीं उपचार के दौरान एक संक्रमित की मौत हो गई।
नोडल अधिकारी कोरोना डॉ ऋषि सहाय के मुताबिक जांच का दायरा बढ़ाने के साथ ही संक्रमितों की संख्या में काफी कमी आई है। जिन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है, उन संक्रमितों में कोविड संबंधित कोई लक्षण नहीं दिख रहे हैं। ऐसे में गंभीर बीमारियां नहीं हैं तो संक्रमितों को होम आइसोलेशन में इलाज कराने की अनुमति दी जा रही है।
डॉ सहाय ने बताया कि एक संक्रमित की मौत के साथ कोरोना संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या 373 हो गई है। उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों के संक्रमणमुक्त होने से राहत मिली है। अस्पतालों से डिस्चार्ज होने की संख्या बढ़ी है, लेकिन सक्रिय मरीजों की संख्या अब सिमट कर 583 पर आ गई है।
वकील, बैंक कर्मी, शिक्षक हुए संक्रमित
नोडल अधिकारी कोरोना संक्रमितों में हाईकोर्ट और लोवर कोर्ट के दो अधिवक्ता भी शामिल हैं। बहरिया में तैनात प्राइमरी स्कूल की टीचर, यूनाइटेड मेडिसिटी के एक डॉक्टर, कोटक महिंद्रा बैंक कर्मी, एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश तथा सीआईएसएफ के एक कांस्टेबल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।