एडवोकेट्स एसोसिएशन का चुनाव बाईलॉज के मुताबिक कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। इस पर हाईकोर्ट ने एसोसिएशन से जवाब मांगा है। याचिका एसोसिएशन के सदस्य और वरिष्ठ अधिवक्ता रविकिरन जैन ने दाखिल की है।
इसमें वर्ष 2019-20 का चुनाव मॉडल बाईलॉज के मुताबिक कराने की मांग की गई है। याचिका पर न्यायमूर्ति एसके गुप्ता और न्यायमूर्ति पंकज भाटिया की पीठ सुनवाई कर रही है। याचिका में कहा गया है कि एसोसिएशन बाईलॉज के नियम 15 के मुताबिक कार्यकारिणी के सदस्य आपसी सहमति से अध्यक्ष का चुनाव करते हैं।
यदि वह चुनाव नहीं कर पाते हैं तो एल्डर कमेटी चुनाव करेगी। मगर, पिछले कई चुनाव में इस नियम की अनदेखी कर मनमाने तरीके से अध्यक्ष चुने जा रहे हैं। याचिका पर नौ जुलाई को सुनवाई होगी। एडवोकेट्स एसोसिएशन का गठन वर्ष 1998 में हाईकोर्ट बार से अलग हुए कुछ सदस्यों ने किया था।