कॉजलिस्ट न छपने से वकीलों को हुई परेशानी
प्रयागराज। राज्य कर्मचारियों की हड़ताल केे चलते हाईकोर्ट के मुकदमों की सूची कॉज लिस्ट नहीं छप सकी। इसकी वजह से वकीलों को शुक्रवार को लगे मुकदमों की जानकारी करने में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा। कॉज लिस्ट वितरण केंद्र के बाहर अधिवक्ता और उनके क्लर्क देर तक इंतजार करते रहे। बाद में पता चला कि हड़ताल की वजह से शुक्रवार की लिस्ट नहीं छापी जा सकी है। हालांकि, हाईकोर्ट की पूरी कॉज लिस्ट वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहती है, मगर समय पर वेबसाइट न खुल पाने के कारण लोग परेशान हुए। कुछ वकीलों ने सुबह ही उठ कर ऑनलाइन लिस्ट चेक कर ली थी। आम तौर पर मुकदमों की जानकारी डेन सर्विस प्रोवाइडर एसएमएस के जरिए भी देता है, मगर कई वकीलों की शिकायत है कि उनको एसएमएस भी समय से नहीं मिले।