आरओ-एआरओ परिणाम के बाद पीसीएस की उत्तर कुंजी
0 पीसीएस-2017 की मुख्य परीक्षा के रिजल्ट का भी इंतजार
0 एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती का परिणाम नए साल में आने के आसार
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) में नए सदस्यों की नियुक्ति के बाद इंटरव्यू की प्रक्रिया में तो तेजी आ गई है लेकिन, परीक्षा संबंधी अन्य गतिविधियां धीमी हैं। खासतौर पर लिखित परीक्षा के परिणाम और उत्तर कुंजी जारी करने में आयोग की लेटलतीफी ने अभ्यर्थियों की बेचैनी बढ़ा दी है।
आयोग की प्राथमिकता आरआई टेक्निकल परीक्षा और आरओ/एआरओ-2017 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी करना है। इस हफ्ते इन दोनों परीक्षाओं के परिणाम जारी किए जा सकते हैं। हालांकि इसके अलावा भी कई बड़ी परीक्षाओं के परिणाम लंबित पड़े हैं। पीसीएस-2017 की मुख्य परीक्षा दो माह पहले आयोजित की जा चुकी है लेकिन, इस परीक्षा का परिणाम अभी घोषित नहीं किया गया है। इन दिनों आयोग में पीसीएस-2016 के इंटरव्यू चल रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी किया जा सकता है और इसके बाद पीसीएस-2017 के लिए इंटरव्यू कराए जाने की तैयारी है।
उधर, 28 अक्तूबर को आयोजित पीसीएस-2018 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम तो दूर, आयोग अब तक परीक्षा की उत्तर कुंजी भी जारी नहीं कर सका है। आयोग के सूत्रों का कहना है कि आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के बाद पीसीएस-2018 की प्रारंभिक परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी किए जाने की तैयारी है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के परिणाम का भी इंतजार है। हालांकि आयोग में 25 दिसंबर से छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। ऐसे में एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती का परिणाम अब अगले साल आने की उम्मीद है।