कुंभ तैयारियों पर मंथन करेंगे विहिप के अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री
0 महामंत्री बनने के बाद पहली बार इलाहाबाद आ रहे हैं मिलिंद पराण्डे
0 कुंभ के दौरान विहिप शिविर में होने वाले कार्यक्रम की भी करेंगे समीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। अगले वर्ष लगने वाले कुंभ मेले के दौरान विहिप द्वारा की जा रही तमाम तैयारियों को देखने के लिए मंगलवार को विहिप के अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री मिलिंद पराण्डे शहर पहुंच रहे हैं। यहां दिन भर उनके केसर भवन में रहने का कार्यक्रम है। शाम को वह प्रयाग संगीत समिति में विहिप की ओर से आयोजित अखंड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। रात में प्रयागराज एक्सप्रेस से उनकी रवानगी का कार्यक्रम है।
चंपत राय को विहिप का उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद मिलिंद पराण्डे को महामंत्री का दायित्व सौंपा गया है। मिमिंद गोरखपुर से चलकर सुबह चौरीचौरा एक्सप्रेस से यहां पहुंचेंगे। यहां केसर भवन में विहिप के पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के साथ सुबह 10 से 11 बजे तक बैठक में भाग लेंगे। दिन में 12 बजे वह स्थानीय संवाददाताओं से मुलाकात कर दोपहर दो बजे काशी प्रांत कार्यसमिति पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद कुंभ मेले में विहिप के शिविर में अप्रवासी भारतीयों के सम्मेेलन की तैयारियों पर मंथन करेंगे। कुंभ में विहिप शिविर में सांस्कृतिक कुंभ और धर्म संसद पर भी वह स्थानीय विहिप नेताओं के चर्चा करेंगे। शाम चार बजे वह प्रयाग संगीत समिति में अखंड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। विहिप की ओर से इस कार्यक्रम की जोरशोर से तैयारी चल रही है। विहिप मीडिया प्रभारी अश्वनी मिश्र ने बताया कि भारत पाकिस्तान विभाजन के बाद से हर वर्ष इस दिवस को विहिप अखंड भारत संकल्प दिवस के रूप में मनाता आ रहा है। विहिप अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री द्वारा शहीद चंद्रशेखर आजाद और महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया जाएगा।