चायल (ब्यूरो)। चरवा क्षेत्र के सैयद सरावां गांव में रविवार सुबह मामूली बात पर दबंगों ने दो युवकों की पिटाई कर दी। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
सैयद सरावां निवासी अशफाक अहमद पुत्र अफाक ने बताया कि रविवार सुबह पड़ोसी दबंग उसके खेत में मेड़ बांध रहा था। विरोध करने पर गाली-गलौज करने लगे। ऐतराज जताने पर अपने भाई व बेटे संग मिलकर उसकी पिटाई शुरु कर दी। युवक को पिटता देख उसका दोस्त हाशिम बीच-बचाव करने पहुंचा तो दबंगों ने उसे भी पीटा। इस दौरान चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस ने तीन हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। चरवा इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि घायलों को मेडिकल के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।