अफसरों पर व्यापारियों के उत्पीड़न का आरोप
0 उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार कल्याण समिति की बैठक में समस्याओं पर हुई चर्चा
0 व्यापारी समस्या के समाधान को होली के बाद एडीशनल कमिश्नर वाणिज्य कर से करेंगे मुलाकात
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार कल्याण समिति की मंगलवार को हुई बैठक में राज्य वस्तु एवं सेवा कर (वाणिज्य कर) में व्यापारियों को हो रही समस्या पर चर्चा हुई। इस दौरान विभाग पर व्यापारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाया गया।
रामबाग में हुई बैठक में व्यापारियों ने कहा कि जब से जीएसटी लागू हुआ, विभाग के अधिकारी नोटिस भेजकर परेशान कर रहे हैं। सचल दल केअधिकारी मार्ग में जांच के दौरान पंजीकृत व्यापारियों का माल रोककर गलत तरीके से जुर्माना जमा करा रहे हैं। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी एसआईबी को भेजकर प्रतिष्ठानों की जांच कराई जा रही है, जबकि काफी व्यापारी नए कानून से अभी पूरी तरह वाकिफ नहीं हैं।
समिति के संयोजक संतोष पनामा एवं अध्यक्ष सतीश चंद्र केसरवानी ने कहा कि होली के बाद विभाग के एडीशनल कमिश्नर से मिलकर इन समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। बैठक में विभिन्न व्यापारिक संगठनों से राजकुमार अग्रवाल, शौकत अली, केके अग्रवाल, संजीव बजाज, दिलीप केसरवानी, श्यामजी अग्रवाल, कैलाश बिहारी, अरुण कुमार, राकेश केसरवानी, गया प्रसाद, नरेश चंद्र, पिंटू जायसवाल, गोपालजी केसरवानी आदि मौजूद थे।