इस बार होली पर दिवाली का मजा
0 आसमान से रंग बरसाएगी गुलाल गन
0 डोरेमान बम से आवाज के साथ निकलेगा रंग
नोट...फोटो है
राहुल शर्मा
इलाहाबाद। शहरियों को इस बार होली के मौके पर दिवाली का मजा मिलेगा। होली के अवसर पर पहली बार एक ओर जहां आसमान से गुलाल गन रंग बरसाएगी तो वहीं डोरमान बम आवाज के साथ गुलाल भी निकालेगा। इतना ही नहीं होली के लिए बनाए गए खास तरह का ‘क्रैकर्स’ भी लोगों को खासा लुभाएगा। इसमें चिंगारी दिखाने पर रंगीन धुआं निकलेगा। जैसा की एयर शो के दौरान देखने को मिलता है।
इस बार रंगों का पर्व होली दो मार्च को है। बाजार में भी होली का रंग धीमे धीमे चढ़ने लगा है। कुछ नया दिखाने की चाह में तमाम कंपनियों ने इस बार होली पर इस्तेमाल किए जाने वाले रंग और पिचकारी को नया रूप दिया है। बाजार में पहली बार गुलाल गन आई है। इस गन से एक बार में सौ शॉट निकलते हैं। आसमान में फायर करने के बाद गुलाल गन अपने नाम के अनुरूप गुलाल की बारिश कराती है। इसी तरह डोरेमान बम भी बाजार में पहली बार आया है। इसके फटने पर तेज आवाज के साथ रंग बिरंगे गुलाल का गुबार निकलेगा। ठंडा-गरम रंग भी आकर्षण केंद्र बना हुआ है। पिपरमेंट युक्त इस रंग को लगाने पर त्वचा भी नहीं जलेगी। होली पर दिवाली का मजा देने के लिए तमाम कंपनियों ने कुछ खास होली पटाखे भी इस बार बाजार में पेश किए हैं। इसकी बत्ती में आग लगाने पर रंग बिरंगे धुएं का लुत्फ होलियारे उठा सकेंगे। कलर फॉग खास तौर से बनाई गई चटाई भी खूब पसंद की जा रही है। दिवाली के मौके पर चलने वाली चटाई के अनुरूप होली की चटाई आवाज के साथ रंगीन धुआं निकालती दिखाई देगी। इसके अलावा हर्बल रंग भी इस बार यूपी के हाथरस जिले से काफी मात्रा में बाजार में आ चुके हैं। प्रयाग ट्रेडिंग कंपनी के प्रोपराइटर मो. कादिर के अनुसार होली पर इस बार बाजार में काफी नए सामान आए हैं। त्योहार में लोगों को दिवाली का पूरा लुत्फ मिलेगा।
बाजार में आ गई मोदी राज, मोदी टैंक पिचकारी
0 बिना पिचकारी के होली अधूरी है। बच्चों में इसका खासा क्रेज भी रहता है। शायद इसी वजह से इस बार बाजार में पिचकारी भी कई रेंज आई है। इसमें मोदी राज और मोदी टैंक पिचकारी मुख्य रूप से इस बार बाजार में उतारी गई है। बार्बी टैंक, बटर फ्लाई, छोटा भीम, गणेशा टैंक, स्पाइडर मैन, एंग्री वर्ल्ड आदि नाम की पिचकारी भी अपने नाम के अनुरूप है। इन पिचकारियों को बच्चों के लिए स्कूल बैग की तर्ज पर खासतौर से डिजाइन किया गया है।